Home » उत्तर प्रदेश » अपने बचपन के सखा संग फोटो शेयर करना अलीगढ़ सांसद सतीश गौतम को पड़ा भारी, लोगों ने ली चुटकी बोले- ‘दोस्त को सलाद देना भूल गए क्या?’

अपने बचपन के सखा संग फोटो शेयर करना अलीगढ़ सांसद सतीश गौतम को पड़ा भारी, लोगों ने ली चुटकी बोले- ‘दोस्त को सलाद देना भूल गए क्या?’

अलीगढ़ के वर्तमान सांसद सतीश कुमार गौतम

UP News: मित्रता अगर हो तो भगवान श्रीकृष्ण और सुदामा जैसी हो, जहां अपनापन दिखावे से नहीं बल्कि दिल से झलकता है। लेकिन आज के दौर में जब कोई अपने बचपन के सखा के साथ तस्वीर शेयर करता है तो लोग भावनाओं से ज्यादा तस्वीर में छिपी ‘Details’ पर नजर डालने लगते हैं। ऐसा ही कुछ अलीगढ़ सांसद सतीश कुमार गौतम की वायरल फोटो में देखने को मिला, जहां दोस्ती से ज्यादा दोनों दोस्तों की थालियों ने सोशल मीडिया का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। जिसके बाद जनता ने सोशल मीडिया पर ऐसा तड़का लगाया कि लोग मुद्दों से ज्यादा उनकी थाली का हिसाब लगाने लगे। दरअसल, सांसद जी ने बड़े प्रेम से अपने बचपन के दोस्त के साथ भोजन करते हुए फोटो शेयर की थी, लेकिन जनता की नजर दोस्ती से ज्यादा दोनों दोस्तों की प्लेट पर जाकर टिक गई। फिर क्या था… सोशल मीडिया पर मजेदार कमेंट्स की बारिश शुरू होने लगी।

फोटो में दोस्ती का बैलेंस ढूंढ रहे लोग

अलीगढ़ सांसद सतीश कुमार गौतम ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर दो तस्वीर शेयर की, जिसमें वह अपने बचपन के सखा रंजीत सिंह के साथ घर पर भोजन करते नजर आ रहे हैं। फोटो शेयर करते हुए सांसद जी ने लिखा कि आज मेरे बचपन के सखा श्री रंजीत सिंह (ग्राम दामोदर नगर) के साथ अपने अलीगढ़ स्थित आवास पर जलपान किया। तस्वीर में सांसद जी सफेद बनियान में आराम से भोजन करते दिख रहे हैं। उनकी थाली में दो तरह की सब्जी, सलाद के साथ पूरा इंतजाम दिखाई दे रहा है। जबकि सामने बैठे उनके मित्र की थाली में केवल भिंडी की सब्जी और एक कटोरी नजर आ रही है। बस यहीं से सोशल मीडिया वालों ने फोटो में दोस्ती का बैलेंस ढूंढना शुरू कर दिया।

UP News: लोगों ने ली चुटकी

जिसके बाद फोटो के कमेंट सेक्शन में लोगों ने जमकर चुटकी ली। एक यूजर ने लिखा कि बहुत बढ़िया सांसद जी… लेकिन मित्र को सलाद देना भूल गए क्या? दूसरे ने लिखा कि ऐसी दोस्ती में कम से कम एक सब्जी बराबर तो होनी चाहिए थी। एक अन्य यूजर ने मजाकिया अंदाज में लिखा कि सांसद जी की थाली VIP और दोस्त की सामान्य श्रेणी वाली लग रही है। लेकिन कुछ लोगों ने इसे सीधे भगवान श्रीकृष्ण और सुदामा की मित्रता से जोड़ दिया। हालांकि वहां भी लोगों ने मजाक करना नहीं छोड़ा। एक यूजर ने लिखा कि कृष्ण-सुदामा वाली दोस्ती में तो सुदामा का स्वागत राजसी हुआ था, यहां तो सलाद भी दूरी बनाकर बैठा है।

हालांकि सोशल मीडिया पर सिर्फ मजाक ही नहीं हुआ, कई लोगों ने सांसद और उनके दोस्त की सादगी की तारीफ भी की। लोगों का कहना था कि आज के दौर में बचपन की दोस्ती को निभाना ही बड़ी बात है। राजनीति और व्यस्त जीवन के बीच पुराने दोस्तों के साथ समय बिताना अपने आप में खास है। फोटो में कमरे का माहौल भी लोगों का ध्यान खींच रहा है। पीछे भगवान राम, हनुमान और अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाएं दिखाई दे रही हैं, जिससे पूरा दृश्य एक घरेलू और पारिवारिक माहौल का एहसास देता है। लेकिन इंटरनेट की जनता भला इतनी आसानी से भावुक कहां होती है उसने तो सीधे थाली में लोकतंत्र तलाश लिया।

ये भी पढ़े… यूपी पुलिस में जल्द होंगे बड़े प्रमोशन, 1093 दरोगा बनेंगे इंस्पेक्टर!

5 2 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments