Gopalganj Women Murder: बिहार के गोपालगंज जिले के भोरे थाना क्षेत्र स्थित महरादेउर गांव में गुरुवार को मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बच्चों के शौच करने को लेकर शुरू हुए विवाद में एक महिला की कथित तौर पर लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद गांव में तनाव फैल गया और आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया।
मामूली विवाद में चली लोहे की रॉड
पुलिस के अनुसार, गांव में दो पक्षों के बीच बच्चों के शौच को लेकर कहासुनी हुई थी। विवाद बढ़ने के बाद मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान महिला के सिर पर लोहे की रॉड से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान सुनील चौहान की पत्नी सुमन देवी के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
Gopalganj Women Murder: ग्रामीणों ने किया सड़क जाम और हंगामा
घटना से नाराज ग्रामीणों ने भोरे-मीरगंज मुख्य सड़क जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप था कि सूचना देने के बावजूद पुलिस देर से मौके पर पहुंची। जब पुलिस लोगों को समझाने पहुंची तो स्थिति और बिगड़ गई। गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस पर पथराव कर दिया, जिससे पुलिस के वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा।

गांव में भारी पुलिस बल तैनात
घटना के बाद गांव में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने संदेह के आधार पर एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। हथुआ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।
ये भी पढ़ें…दिल्ली-एनसीआर में बारिश से बदला मौसम, गर्मी से मिली राहत








