Home » मध्य प्रदेश » शादी के 18 दिन बाद उजड़ गई दो बहनों की दुनिया, सड़क हादसे में सगे भाइयों की मौत

शादी के 18 दिन बाद उजड़ गई दो बहनों की दुनिया, सड़क हादसे में सगे भाइयों की मौत

Mp news: मध्य प्रदेश के सतना से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है, जिसने दो परिवारों की खुशियां पलभर में छीन लीं। महज 18 दिन पहले जिन दो सगे भाइयों की शादी दो सगी बहनों से हुई थी, उनकी सड़क हादसे में मौत हो गई। इस घटना के बाद दोनों नवविवाहित बहनें एक साथ विधवा हो गईं। हादसे से पूरे इलाके में शोक की लहर है।

तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार भाइयों को मारी टक्कर

यह हादसा सतना शहर के कोलगवां थाना क्षेत्र में सतना-मैहर बाईपास के उतैली मोड़ के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, चकदही गांव निवासी लख्खू यादव के बेटे विवेक यादव (25) और विनय यादव (24) अपनी भाभी वंदना यादव को इलाज के लिए बाइक से सतना लेकर जा रहे थे। रास्ते में तेज रफ्तार बस ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि विवेक यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि विनय यादव और वंदना गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में इलाज के दौरान विनय ने भी दम तोड़ दिया।

Mp news: 18 दिन पहले ही हुई थी दोनों भाइयों की शादी

इस हादसे की सबसे दुखद बात यह है कि दोनों मृतक सगे भाई थे और उनकी शादी 12 मई को उचेहरा की दो सगी बहनों से हुई थी। परिवार ने दोनों भाइयों की बारात एक साथ निकाली थी और घर में खुशियों का माहौल था। लेकिन शादी के महज 18 दिन बाद हुए इस हादसे ने सब कुछ बदल दिया। जो दो बहनें एक ही दिन दुल्हन बनी थीं, वे अब एक साथ अपने पतियों को खो चुकी हैं। इस खबर ने पूरे क्षेत्र को भावुक कर दिया है।

Mp news: परिवार और ससुराल में पसरा मातम

हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के घर और ससुराल पक्ष में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल है। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया।

गुस्साए लोगों ने लगाया जाम, बस में की तोड़फोड़

घटना के बाद ग्रामीणों और परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने ओल्ड हाईवे के सेमरिया चौराहे पर जाम लगा दिया और प्रदर्शन शुरू कर दिया।मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन नाराज भीड़ ने बसों पर पथराव कर दिया। इस दौरान कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। बाद में अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया।

पुलिस कर रही मामले की जांच

Mp news: पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। वहीं, स्थानीय लोग सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठा रहे हैं।

 

 

ये भी पढ़ें: BA की डिग्री के लिए जेल में करेगा इंटर्नशिप! सजा काट रहे कैदी पर गुजरात हाईकोर्ट की टिप्पणी