Mukundpur Cylinder Blast: दिल्ली के भलस्वा डेरी थाना क्षेत्र के मुकुंदपुर स्थित ईशू विहार की गली नंबर-1 में मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे एक जोरदार धमाका हुआ, जिसके बाद एक इमारत पूरी तरह ढह गई। धमाका इतना तेज था कि पूरा मकान मलबे में बदल गया और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
कई लोग घायल, अस्पताल में भर्ती
हादसे में 4 से 5 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। स्थानीय लोगों और पीसीआर टीम ने दमकल विभाग के पहुंचने से पहले ही घायलों को मलबे से निकालकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।पुलिस और दमकल विभाग के मुताबिक, अब तक तीन लोगों को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। हालांकि, एक व्यक्ति के अभी भी मलबे में दबे होने की आशंका है। उसे निकालने के लिए लगातार सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

गैस सिलिंडर ब्लास्ट होने की आशंका
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह हादसा गैस सिलिंडर में विस्फोट होने की वजह से हुआ हो सकता है। हालांकि, मामले की जांच जारी है और अधिकारियों द्वारा सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। पुलिस और दमकलकर्मी मिलकर राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हुए हैं। दमकल विभाग के अनुसार, सुबह 9:37 बजे इमारत गिरने और लोगों के फंसे होने की सूचना प्राप्त हुई थी, जिसके बाद तुरंत टीमों को रवाना किया गया।

Mukundpur Cylinder Blast: मलबे से मिले कई सिलिंडर
अधिकारियों के अनुसार, सुबह करीब 9 बजे सिलिंडर विस्फोट की सूचना मिली थी, जिसके बाद मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना मिलते ही राहत और बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए। इस बीच स्थानीय लोग भी बचाव अभियान में जुट गए थे। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मलबे से करीब आधा दर्जन गैस सिलिंडर भी बरामद हुए हैं।
फिलहाल, बचाव अभियान जारी है और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। मलबे में और लोगों के फंसे होने की संभावना को देखते हुए सर्च ऑपरेशन तेजी से चलाया जा रहा है।
ये भी पढ़े: दक्षिण कोरिया की हनव्हा एयरोस्पेस फैक्ट्री में धमाका, 5 की मौत के बाद आंशिक उत्पादन पर रोक, जांच तेज








