Breaking News
Home » राष्ट्रीय » कर्नाटक को मिला नया मुख्यमंत्री, डीके शिवकुमार ने संभाली कमान

कर्नाटक को मिला नया मुख्यमंत्री, डीके शिवकुमार ने संभाली कमान

DK Shivakumar CM

DK Shivakumar CM: कर्नाटक की राजनीति में बुधवार को नया अध्याय शुरू हो गया। कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार ने राज्य के नए मुख्यमंत्री के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ ली। राजधानी बेंगलुरु में आयोजित भव्य समारोह में उन्होंने हाथ में संविधान की प्रति लेकर शपथ ग्रहण की। इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे। वहीं वरिष्ठ कांग्रेस नेता जी. परमेश्वर ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली।

मंत्रिमंडल का हुआ विस्तार

नई सरकार के गठन के साथ ही मंत्रिपरिषद का विस्तार भी किया गया। मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के अलावा 12 नेताओं को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई। इनमें के. एच. मुनियप्पा, के. जी. जॉर्ज, एम. बी. पाटिल, रामलिंगा रेड्डी, सतीश जारकीहोली, कृष्ण बायरेगौड़ा, प्रियांक खड़गे, यू. टी. खादर, ईश्वर खांद्रे, डॉ. यतींद्र सिद्धारमैया, बैराथी सुरेश और शरण प्रकाश पाटिल शामिल हैं। विशेष रूप से पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के पुत्र डॉ. यतींद्र सिद्धारमैया को मंत्रिमंडल में शामिल किया जाना चर्चा का विषय बना हुआ है।

DK Shivakumar CM: सिद्धारमैया के इस्तीफे के बाद बदलाव

कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन की प्रक्रिया पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के इस्तीफे के बाद शुरू हुई। सिद्धारमैया ने 28 मई को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया था। उन्होंने मई 2023 से मई 2026 तक राज्य का नेतृत्व किया। कांग्रेस नेतृत्व ने इसके बाद डीके शिवकुमार को राज्य की कमान सौंपने का फैसला किया। शिवकुमार इससे पहले तीन वर्षों तक कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री के रूप में कार्य कर चुके हैं और संगठन के साथ-साथ सरकार में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे हैं।

मां का आशीर्वाद लेकर पहुंचे शपथ ग्रहण समारोह

शपथ ग्रहण समारोह से पहले डीके शिवकुमार की एक भावुक तस्वीर सामने आई। लोक भवन के लिए रवाना होने से पहले उन्होंने अपनी मां के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया। यह तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से साझा की गई और लोगों ने इसे पारिवारिक संस्कारों से जोड़कर सराहा। मुख्यमंत्री पद की शपथ के साथ ही अब शिवकुमार के सामने राज्य में कांग्रेस सरकार के नेतृत्व और जन अपेक्षाओं पर खरा उतरने की बड़ी जिम्मेदारी होगी।

ये भी पढ़ें… उत्तर प्रदेश में छह महीने तक हड़ताल पर रोक, सरकार ने लागू किया ईएसएमए