Delhi Fire Case: दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर स्थित एक होटल में हुए भीषण अग्निकांड के मामले में दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए होटल मालिक लवकेश बजाज को हिरासत में ले लिया है। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 21 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं।
पुलिस ने मामले में गैर इरादतन हत्या समेत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। जांच एजेंसियां होटल में अग्नि सुरक्षा मानकों, लाइसेंस और अन्य आवश्यक नियमों के संभावित उल्लंघनों की जांच कर रही हैं।
एम्स में 13 घायलों का इलाज
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान(एम्स) के अनुसार हादसे में घायल 13 लोगों को ट्रॉमा सेंटर लाया गया था। इनमें तीन लोग ऐसे थे जिन्होंने आग से बचने के लिए होटल की ऊंचाई से छलांग लगा दी थी। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि ऊंचाई से गिरने वाले तीन घायलों में से दो की हालत स्थिर होने पर उन्हें छुट्टी दे दी गई है। वहीं, गंभीर सिर की चोट से पीड़ित एक महिला का ऑपरेशन किया गया है और उसकी स्थिति अभी भी नाजुक बनी हुई है।
Delhi Fire Case: बचाव अभियान में घायल हुए पुलिसकर्मी
एम्स ने जानकारी दी कि भर्ती 13 घायलों में 10 दिल्ली पुलिसकर्मी शामिल हैं। ये सभी पुलिसकर्मी राहत एवं बचाव अभियान के दौरान सबसे पहले जलती हुई इमारत में दाखिल हुए थे और फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने में जुटे थे। अस्पताल के अनुसार सभी पुलिसकर्मियों की हालत स्थिर है और उन्हें जल्द छुट्टी दी जा सकती है।
तीन अज्ञात शव मिले
अस्पताल को तीन अज्ञात शव भी प्राप्त हुए हैं, जिन्हें आगे की प्रक्रिया के लिए बर्न्स एवं प्लास्टिक सर्जरी विभाग को भेजा गया है। मृतकों की पहचान और अन्य कानूनी प्रक्रियाएं जारी हैं।
Delhi Fire Case: बेसमेंट से लगी आग की आशंका
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बुधवार सुबह करीब 8:50 बजे होटल के बेसमेंट में संचालित एक रेस्तरां से आग लगी थी। देखते ही देखते आग ने पूरी बहुमंजिला इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। राहत एवं बचाव दलों ने 47 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन 21 लोगों की जान नहीं बचाई जा सकी।
विदेशी नागरिक भी शामिल
अधिकारियों के मुताबिक मृतकों में लाइबेरिया, नाइजीरिया, मोज़ाम्बिक और बांग्लादेश के नागरिक भी शामिल हैं। दिल्ली पुलिस, दमकल विभाग और आपदा प्रबंधन टीमों ने कई घंटों तक संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया, जो दोपहर के आसपास पूरा हुआ।
Delhi Fire Case: जांच का केंद्र बनी सुरक्षा व्यवस्था
होटल मालिक की हिरासत के बाद अब जांच इस दिशा में केंद्रित हो गई है कि क्या होटल में अग्नि सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई थी और क्या प्रशासनिक लापरवाही के कारण यह हादसा इतना भयावह रूप ले सका। जांच एजेंसियां सभी तकनीकी और कानूनी पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं।
ये भी पढ़े… मुजफ्फरपुर अग्निकांड: प्रसाद अस्पताल के आईसीयू में आग, धुएं से दम घुटने पर मरीजों की दर्दनाक मौत








