Alwar Police: राजस्थान के अलवर शहर में कथित धर्मांतरण को लेकर गुरुवार को तनावपूर्ण स्थिति बन गई। अखेपुरा थाना क्षेत्र की तंवर कॉलोनी में एक घर में चल रही प्रार्थना सभा के दौरान विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। कार्यकर्ताओं ने दिल्ली से आए एक पादरी पर लोगों का धर्म परिवर्तन कराने का आरोप लगाया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और संबंधित व्यक्ति को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी।
प्रार्थना सभा के दौरान पहुंची भीड़
विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारियों के अनुसार उन्हें काफी समय से क्षेत्र में संदिग्ध धार्मिक गतिविधियों की जानकारी मिल रही थी। इसी सूचना के आधार पर कार्यकर्ता तंवर कॉलोनी स्थित एक मकान में पहुंचे। वहां एक धार्मिक प्रार्थना सभा चल रही थी। आरोप है कि कार्यकर्ताओं के पहुंचते ही वहां मौजूद कई लोग मौके से चले गए। इसके बाद पादरी को रोक लिया गया और मौके पर काफी देर तक हंगामा होता रहा। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।
Alwar Police: धार्मिक साहित्य और वीडियो मिलने का दावा
सभा में शामिल एक युवक ने दावा किया कि कार्यक्रम में धार्मिक प्रचार से जुड़ी बातें कही जा रही थीं। विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं का कहना है कि तलाशी के दौरान पादरी के पास से धार्मिक साहित्य और प्रार्थना पुस्तिकाएं मिलीं। साथ ही उसके मोबाइल फोन में धार्मिक गतिविधियों और प्रचार-प्रसार से जुड़े कुछ वीडियो भी पाए गए। हिरासत में लिए गए व्यक्ति की पहचान दिल्ली निवासी राजकुमार के रूप में बताई गई है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने अलवर आने और लोगों को एकत्रित कर धार्मिक पाठ कराने की बात स्वीकार की है।
पुलिस जांच के बाद होगी कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जब पुलिस आरोपी को अपने साथ ले जाने लगी तो कुछ कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया और प्रदर्शन भी किया। बाद में पुलिस अधिकारियों की समझाइश के बाद स्थिति सामान्य हुई। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। संबंधित व्यक्ति से पूछताछ जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस सतर्कता बरत रही है।
ये भी पढ़ें… पंजाब की राजनीति में हलचल, भाजपा छोड़ने की अटकलों के बीच चर्चा में कैप्टन अमरिंदर सिंह








