Bihar News: पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव ने पटना के चर्चित कोचिंग संस्थानों से जुड़े खान सर-रोशन आनंद विवाद और खान सर पर दर्ज एफआईआर को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पटना के कोचिंग संस्थानों को बदनाम करने की गहरी साजिश रची जा रही है और कुछ यूट्यूबर्स तथा बाहरी हित समूह इस विवाद को अनावश्यक रूप से बढ़ावा दे रहे हैं।
पटना के कोचिंग संस्थानों को बदनाम करने की कोशिश
पप्पू यादव ने कहा कि बिहार के कोचिंग संस्थानों ने देशभर में अपनी अलग पहचान बनाई है और यही वजह है कि उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि छोटे-बड़े यूट्यूबर्स ने तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश किया, जिससे विवाद और बढ़ गया।
Bihar News: खान सर और रोशन आनंद दोनों सम्मानित शिक्षक
सांसद ने कहा कि खान सर और रोशन आनंद दोनों ही बिहार और झारखंड के छात्रों के बीच सम्मानित शिक्षक हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी गार्ड, छात्र या अन्य व्यक्ति ने कोई गलती की है तो उसकी जिम्मेदारी तय होनी चाहिए, लेकिन उसके लिए सीधे शिक्षकों को दोषी ठहराना उचित नहीं है।
प्रशासन पर भी साधा निशाना
पप्पू यादव ने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में प्रशासन भी आग में घी डालने का काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह कोई गंभीर आपराधिक मामला नहीं है, फिर भी इसे अनावश्यक रूप से बड़ा बनाया जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि किसी व्यक्ति से गलती हुई है तो उसके लिए सीधे संस्थान प्रमुखों को जिम्मेदार क्यों ठहराया जा रहा है।
Bihar News: कोटा की संस्थाओं का भी किया जिक्र
उन्होंने कहा कि बिहार के कई कोचिंग संस्थान आज परिणामों के मामले में देश के बड़े कोचिंग हब कोटा से बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। यही कारण है कि कुछ लोग पटना के शैक्षणिक संस्थानों की छवि खराब करने में लगे हुए हैं।
छात्रों के हित में विवाद खत्म करने की अपील
पप्पू यादव ने कहा कि दोनों संस्थानों के छात्र लगातार सफलता हासिल कर रहे हैं और समाज में उनकी अच्छी पहचान है। उन्होंने सभी पक्षों से विवाद को समाप्त कर शिक्षा के माहौल को बनाए रखने की अपील की। साथ ही कहा कि छात्रों और अभिभावकों का विश्वास सबसे महत्वपूर्ण है और उसे किसी भी कीमत पर कमजोर नहीं होने दिया जाना चाहिए।








