Up news: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में जिला प्रशासन ने एक अवैध रूप से संचालित मदरसे पर बड़ी कार्रवाई की है। इंदिरापुरम क्षेत्र की कनावनी कॉलोनी में चल रहे “मदरसा जामिया खुल्फा ए राशीदीन” को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया है। प्रशासन का कहना है कि मदरसा बिना मान्यता और आवश्यक सुरक्षा मानकों के संचालित किया जा रहा था, जिससे वहां पढ़ने वाले बच्चों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे थे।
जांच में मिली कई गंभीर खामियां
जिला प्रशासन की संयुक्त जांच में सामने आया कि मदरसा न तो किसी वैधानिक संस्था में पंजीकृत था और न ही उसके पास संचालन से जुड़े जरूरी दस्तावेज मौजूद थे। इसके अलावा अग्निशमन विभाग और विद्युत सुरक्षा विभाग की अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) भी नहीं मिला। अधिकारियों के अनुसार परिसर में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं थी। छात्र और छात्राओं के लिए अलग-अलग शौचालय की व्यवस्था भी नहीं पाई गई। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि नियमों के विपरीत परिसर में हॉस्टल संचालित किया जा रहा था।
Up news: संयुक्त टीम की रिपोर्ट के बाद हुई कार्रवाई
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी कैलाश चंद्र तिवारी द्वारा जारी आदेश के मुताबिक, यह कार्रवाई वक्फ निरीक्षक, नगर निगम अधिकारियों और नायब तहसीलदार की संयुक्त जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई है। रिपोर्ट में मदरसे के संचालन में कई अनियमितताओं का उल्लेख किया गया था।
Up news: प्रबंधन को दिया गया एक सप्ताह का समय
प्रशासन ने मदरसे के भवन और कमरों को सील करने के साथ ही प्रबंधन को अपना पक्ष रखने का अवसर भी दिया है। प्रबंधन को निर्देश दिया गया है कि वह एक सप्ताह के भीतर जिला अल्पसंख्यक कल्याण कार्यालय में उपस्थित होकर सभी वैध दस्तावेज और साक्ष्य प्रस्तुत करे। यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया तो संबंधित प्रबंधन के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
पुलिस और प्रशासन अलर्ट
Up news: कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को भी तैनात किया गया। इस मामले में डीसीपी ट्रांस हिंडन जोन धवल जायसवाल का बयान भी सामने आया है।
ये भी पढ़ें: गोंडा में गरजे CM योगी, बोले- दंगाइयों ने उत्सव रोकने की कोशिश की तो वर्तमान ही नहीं, भविष्य भी होगा स्वाहा








