Home » महाराष्ट्र » बीमार पति को पीठ पर उठाकर अस्पताल में दर-दर भटकी महिला, मदद को कोई आगे नहीं आया, वीडियो वायरल

बीमार पति को पीठ पर उठाकर अस्पताल में दर-दर भटकी महिला, मदद को कोई आगे नहीं आया, वीडियो वायरल

पति को पीठ पर उठाकर भटकी महिला वायरल

Akola Hospital: महाराष्ट्र के अकोला जिले के एक सरकारी अस्पताल में गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। एक आदिवासी महिला अपने बीमार पति को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन वहां न तो व्हीलचेयर उपलब्ध थी और न ही स्ट्रेचर। मजबूरी में महिला को अपने पति को पीठ पर उठाकर पूरे अस्पताल परिसर में घूमना पड़ा।

Akola Hospital: मदद के बिना भटकती रही महिला

महिला के कंधे पर बैग था और उसकी पीठ पर पति। वह अस्पताल में मदद की तलाश में इधर-उधर घूमती रही और बार-बार सहायता की गुहार लगाती रही, लेकिन आरोप है कि अस्पताल के कर्मचारी और सुरक्षा गार्डों ने कोई मदद नहीं की। वहां मौजूद लोगों की भीड़ के बावजूद किसी ने भी आगे बढ़कर सहायता नहीं की।

यह घटना जिस वीडियो में सामने आई है, उसमें देखा जा सकता है कि महिला के साथ एक छोटा बच्चा भी मौजूद था। व्हीलचेयर या स्ट्रेचर न मिलने के कारण उसे मजबूर होकर अपने पति को पीठ पर उठाना पड़ा।

गार्ड ने रास्ता बताया, लेकिन मदद नहीं की

वीडियो में यह भी दिखता है कि एक सुरक्षा गार्ड ने महिला को सही दिशा तो बताई, लेकिन किसी प्रकार की शारीरिक मदद नहीं की। महिला अलग-अलग वार्डों और कमरों में मदद मांगती रही, लेकिन कोई भी आगे नहीं आया।गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. संजय सोनूने ने इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि महिला ओपीडी समय खत्म होने के बाद अस्पताल पहुंची थी। उन्होंने यह भी कहा कि उसने व्हीलचेयर या स्ट्रेचर के लिए कर्मचारियों या रेजिडेंट मेडिकल ऑफिसर से संपर्क नहीं किया।

डीन के अनुसार, इलाज शुरू करने से पहले महिला ने आवश्यक दस्तावेज, जैसे आधार कार्ड, भी पूरे नहीं किए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि इस घटना को संस्थान को बदनाम करने के लिए बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जा रहा है।डॉ. सोनूने ने यह भी कहा, “कुछ लोग संस्थान की छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। वीडियो में जो आवाजें सुनाई देती हैं, वे लोगों से रिकॉर्डिंग न करने की अपील कर रही हैं।”

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो से मचा हड़कंप

यह पूरा मामला सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है, जिसके बाद अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं और लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।

ये भी पढ़ें…10 राउंड फायरिंग कर भागा युवक, पुलिस ने घेरा तो सड़क पर किया हंगामा, दरोगा से भी हुई धक्का-मुक्की