Twisha Sharma Case: अभिनेत्री ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत मामले में आरोपी पूर्व जज गिरिबाला सिंह और उनके बेटे समर्थ सिंह को जेल में कथित VIP ट्रीटमेंट दिए जाने का मामला तूल पकड़ने के बाद जेल प्रशासन हरकत में आ गया है। दोनों को जेल अस्पताल वार्ड से हटाकर सामान्य बैरक में शिफ्ट कर दिया गया है। वहीं, अदालत के निर्देशों के बाद गिरिबाला सिंह की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
जेल प्रशासन ने अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी तैनात किए हैं और निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरों की संख्या भी बढ़ाई है। बताया जा रहा है कि गिरिबाला सिंह ने भोपाल जिला न्यायालय में जज रहते हुए जिन आरोपियों को सजा सुनाई थी, उनमें से 29 सजायाफ्ता कैदी वर्तमान में उसी जेल में बंद हैं। इसी वजह से उनकी सुरक्षा को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं।
पुलिस जांच पर उठे सवाल
मामले में पुलिस की शुरुआती जांच और सबूतों के संरक्षण को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जानकारी के अनुसार, ट्विशा शर्मा की मौत में इस्तेमाल किए गए कथित फांसी के फंदे (लिगेचर) की जब्ती बिना किसी औपचारिक निशानदेही के की गई थी। इससे यह सवाल उठ रहा है कि जब्त किया गया फंदा वास्तव में वही था या नहीं, जिसका इस्तेमाल घटना में हुआ था। सूत्रों के मुताबिक, 13 मई को कटारा हिल्स थाने के एसआई दिनेश शर्मा ने ट्विशा का मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य सामग्री जब्त की थी। उसी दौरान फंदे को भी जब्त किया गया, जबकि मौके पर मौजूद गिरिबाला सिंह और समर्थ सिंह से उसकी निशानदेही नहीं कराई गई थी।
Twisha Sharma Case: दो दिन तक वाहन में रखा रहा फंदा
मामले में एक और चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि जब्त किया गया फंदा दो दिनों तक पुलिस अधिकारी के वाहन में ही पड़ा रहा। यहां तक कि ट्विशा के पहले पोस्टमॉर्टम के दौरान भी यह सामग्री उपलब्ध नहीं कराई गई थी।
Twisha Sharma Case: सीबीआई को मिले नए संकेत
सीबीआई द्वारा घटनास्थल का पुनर्निर्माण (सीन रिक्रिएशन) किए जाने के दौरान जांचकर्ताओं को घटनास्थल पर एक और समान जिम्नास्टिक हुक दिखाई दिया। इससे जांच में नए सवाल खड़े हो गए हैं। ट्विशा के परिजन और उनके वकील अब इस मामले से जुड़े अतिरिक्त सबूत सीबीआई को सौंपने की तैयारी कर रहे हैं। सीबीआई फिलहाल फॉरेंसिक रिपोर्ट, इलेक्ट्रॉनिक सबूतों और घटनास्थल से जुड़े तथ्यों का मिलान कर मामले की गहन जांच कर रही है। मामले में चार्जशीट जल्द दाखिल किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
यह भी पढे़ : सुबह का नाश्ता छोड़ना पड़ सकता है भारी! जानिए सुबह की थाली में क्या शामिल करने की दे रहे हैं स्वास्थ्य विशेषज्ञ सलाह








