FIFA World Cup 2026: दुनिया के सबसे बड़े फुटबॉल टूर्नामेंट FIFA World Cup 2026 का आगाज 11 जून से होने जा रहा है। इस बार विश्व कप कई मायनों में ऐतिहासिक होगा, क्योंकि पहली बार टूर्नामेंट में 32 नहीं बल्कि 48 टीमें हिस्सा लेंगी। अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको की संयुक्त मेजबानी में खेले जाने वाले इस विश्व कप में कुल 104 मुकाबले होंगे।
फीफा विश्व कप का पहला आयोजन वर्ष 1930 में उरुग्वे में हुआ था। तब टूर्नामेंट में केवल 13 टीमें शामिल थीं। समय के साथ विश्व कप का विस्तार होता गया और 1998 से 2022 तक 32 टीमों के बीच मुकाबले खेले गए। अब 2026 में पहली बार 48 टीमों का नया प्रारूप लागू किया गया है।
16 शहरों में होंगे मुकाबले
FIFA World Cup 2026 के मैच अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको के 16 शहरों में खेले जाएंगे। टूर्नामेंट 11 जून से 19 जुलाई तक चलेगा। लगभग 39 दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में रोजाना कई मुकाबले देखने को मिलेंगे।
FIFA World Cup 2026: ऐसा होगा नया फॉर्मेट
48 टीमों को 12 समूहों में बांटा गया है। प्रत्येक समूह से शीर्ष दो टीमें सीधे नॉकआउट दौर में पहुंचेंगी। इसके अलावा सभी समूहों में तीसरे स्थान पर रहने वाली टीमों में से सर्वश्रेष्ठ 8 टीमें भी अगले दौर के लिए क्वालिफाई करेंगी। इस तरह कुल 32 टीमें नॉकआउट चरण में प्रवेश करेंगी, जहां से खिताब की दौड़ शुरू होगी।
| देश | फीफा वर्ल्ड रैंकिंग |
|---|---|
| जापान | 8 |
| ईरान | 21 |
| दक्षिण कोरिया | 25 |
| ऑस्ट्रेलिया | 27 |
| उज़्बेकिस्तान | 50 |
| क़तर | 55 |
| इराक | 57 |
| सऊदी अरब | 61 |
FIFA World Cup 2026: नॉकआउट से फाइनल तक का कार्यक्रम
- राउंड ऑफ 32: 29 जून से 3 जुलाई
- राउंड ऑफ 16: 4 जुलाई से 7 जुलाई
- क्वार्टर फाइनल: 9 जुलाई से 11 जुलाई
- सेमीफाइनल: 14 और 15 जुलाई
- तीसरे स्थान का मैच: 18 जुलाई
- फाइनल: 19 जुलाई
न्यू जर्सी में होगा फाइनल
विश्व कप 2026 का फाइनल मुकाबला 19 जुलाई को अमेरिका के न्यू जर्सी स्थित मेटलाइफ स्टेडियम में खेला जाएगा। करीब 15 हजार करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस अत्याधुनिक स्टेडियम में विश्व चैंपियन का फैसला होगा।
भारत के लिए भी बढ़ी उम्मीदें
48 टीमों के विस्तार से एशियाई देशों को अधिक अवसर मिलने की संभावना है। विशेषज्ञों का मानना है कि भविष्य में भारतीय फुटबॉल टीम के लिए भी विश्व कप में जगह बनाने की राह पहले की तुलना में आसान हो सकती है।
फुटबॉल का सबसे बड़ा उत्सव
क्रिकेट प्रेमी देश भारत में भी FIFA World Cup का अलग ही उत्साह देखने को मिलता है। विश्व कप शुरू होते ही फुटबॉल प्रेमियों की नजरें अपने पसंदीदा खिलाड़ियों और टीमों पर टिक जाएंगी, जबकि दुनिया भर के करोड़ों दर्शक नए विश्व चैंपियन के इंतजार में रहेंगे।
यह भी पढे़ : लखनऊ में पत्नी की चाकू मारकर हत्या, वारदात के बाद पति ने खाया जहर








