Home » लाइफस्टाइल » तेज़ रफ्तार जीवन के बीच सुकून, संतुलन और मानसिक शांति की नई राह बनता स्लो लिविंग का बढ़ता चलन

तेज़ रफ्तार जीवन के बीच सुकून, संतुलन और मानसिक शांति की नई राह बनता स्लो लिविंग का बढ़ता चलन

भागती ज़िंदगी के बीच सुकून की नई राह

Slow Living: सुबह अलार्म की आवाज़ से शुरू होने वाला दिन, कॉलेज या ऑफिस की भागदौड़, हर कुछ मिनट में बजता मोबाइल और हर वक्त कुछ बड़ा हासिल करने का दबाव आज की ज़िंदगी कुछ ऐसी ही हो गई है। हम सब इतनी तेज़ी से भाग रहे हैं कि कई बार यह भूल जाते हैं कि आखिर भाग किसलिए रहे हैं। इसी दौड़ के बीच एक नई सोच लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रही है ‘स्लो लिविंग’। यानी ज़िंदगी को सिर्फ़ गुज़ारना नहीं, बल्कि उसके हर पल को महसूस करते हुए जीना। यह जीवनशैली हमें सिखाती है कि कभी-कभी थोड़ा रुक जाना भी आगे बढ़ने जितना ही ज़रूरी होता है।

भागती ज़िंदगी के बीच सुकून की नई राह
भागती ज़िंदगी के बीच सुकून की नई राह

डिजिटल युग में बढ़ता तनाव और बदलाव

दरअसल, पिछले कुछ वर्षों में लोगों की जीवनशैली को लेकर कई दिलचस्प बदलाव देखने को मिले हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) भी लगातार बढ़ते तनाव और चिंता को आधुनिक जीवन की बड़ी चुनौतियों में गिनता है। वहीं भारत के टाइम यूज़ सर्वे से पता चलता है कि लोग पहले की तुलना में काम पर ज़्यादा और खुद की देखभाल, आराम तथा मनोरंजन पर कम समय दे रहे हैं। 

मोबाइल और डिजिटल उपकरणों का बढ़ता उपयोग भी इस बदलाव का एक बड़ा कारण माना जाता है। आज एक औसत व्यक्ति दिन का बड़ा हिस्सा स्क्रीन के सामने बिताता है, जिसका असर उसकी मानसिक शांति और नींद पर पड़ता है। शायद यही वजह है कि महामारी के बाद योग, ध्यान, बागवानी, किताबें पढ़ने और डिजिटल डिटॉक्स जैसी गतिविधियों की ओर लोगों का रुझान बढ़ा है। अब सफलता की परिभाषा सिर्फ़ आर्थिक उपलब्धियों तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि लोग मानसिक संतुलन, व्यक्तिगत समय और बेहतर जीवन गुणवत्ता को भी उतना ही महत्व देने लगे हैं।

Slow Living: भागती ज़िंदगी के बीच सुकून की नई राह
भागती ज़िंदगी के बीच सुकून की नई राह

Slow Living: एक नया जीवन दृष्टिकोण

स्लो लिविंग कोई ऐसा ट्रेंड नहीं है जो कुछ समय बाद खत्म हो जाए। यह जीवन को देखने का एक नया नजरिया है, जो हमें याद दिलाता है कि खुश रहने के लिए हमेशा तेज़ दौड़ना ज़रूरी नहीं होता। कभी-कभी खुद के लिए समय निकालना, अपनों के साथ कुछ पल बिताना और छोटी-छोटी खुशियों का आनंद लेना ही असली सुकून देता है। जब पूरी दुनिया तेज़ी से आगे बढ़ने की कोशिश कर रही हो, तब थोड़ा ठहरकर अपने जीवन को महसूस करना शायद सबसे बड़ी उपलब्धि है। मंज़िल तक पहुँचना ज़रूरी है, लेकिन रास्ते को जीना उससे भी ज़्यादा ज़रूरी है।

Written by- Mahi Modi

ये भी पढ़े: ट्राई सीरीज में भारत ए की लड़खड़ाती पारी को तिलक वर्मा और ऋतुराज गायकवाड ने शतकीय साझेदारी से संभाला