Tej Pratap Yadav: राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) प्रमुख लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में बेऊर जेल भेज दिया गया है। शनिवार शाम पटना पुलिस ने उन्हें डाक बंगला चौराहा के पास स्थित एक मॉल से गिरफ्तार किया। इसके बाद पुलिस उन्हें दीघा थाना लेकर गई। देर रात तेज प्रताप यादव को न्यायिक मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया, जहां अदालत ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में बेऊर जेल भेजने का आदेश दिया।
बिहार बंद के दौरान प्रदर्शन में हुए थे शामिल
तेज प्रताप यादव बिहार बंद के दौरान प्रदर्शनकारियों के साथ सड़क पर उतरे थे। इसी मामले में उनके खिलाफ गांधी मैदान थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। शनिवार दिन में वह छात्रों और अन्य प्रदर्शनकारियों के साथ विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए थे। बाद में पटना पुलिस ने डाक बंगला चौराहा के पास स्थित सेंट्रल मॉल से उन्हें गिरफ्तार कर दीघा थाना पहुंचाया।
सोमवार को होगी जमानत की कोशिश
गिरफ्तारी के बाद तेज प्रताप यादव के समर्थकों ने आरोप लगाया था कि पुलिस उनकी स्थिति और गिरफ्तारी की वजह की जानकारी नहीं दे रही थी। उनका कहना था कि पुलिस ने यह भी स्पष्ट नहीं किया कि उन्हें किस आरोप में थाने में रखा गया है। वहीं, तेज प्रताप यादव के वकील जगन्नाथ सिंह ने बताया कि उनकी जमानत के लिए सोमवार को अदालत में याचिका दायर की जाएगी।
पहले भी पुलिस ने लिया था हिरासत में
शनिवार दोपहर पटना के रामगुलाम चौक और गांधी मैदान इलाके में छात्रों ने प्रदर्शन किया था। इस दौरान तेज प्रताप यादव भी छात्रों के समर्थन में विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए। पुलिस ने उन्हें वहीं से हिरासत में लेकर अपनी गाड़ी में बैठा लिया था।
हिरासत में लिए जाने के दौरान तेज प्रताप यादव ने कहा था, “मैं छात्रों के साथ खड़ा हूं और उनके लिए मरने को तैयार हूं।” प्रदर्शन के दौरान कई जगह छात्रों और पुलिस के बीच झड़प भी हुई थी। हालांकि, कुछ समय बाद पुलिस ने उन्हें छोड़ दिया था। बाद में जब तेज प्रताप यादव मॉल गए, तब पटना पुलिस ने उन्हें दोबारा गिरफ्तार कर लिया।
यह भी पढ़े… फ्रांस ने Infosys पर लगाया 1.75 लाख यूरो का जुर्माना, लेबर नियमों के उल्लंघन का आरोप








