UP NEWS: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) की बेटी अदिति यादव पर सोशल मीडिया में की गई आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर पहली बार प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि बेटी किसी भी परिवार की हो, उसका सम्मान होना चाहिए और उसके खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी।
‘बेटी, बेटी होती है’
आजमगढ़ में 955 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “मैंने देखा कि सपा प्रमुख की बेटी के खिलाफ कुछ लोगों ने गलत टिप्पणियां की थीं। मैंने तत्काल पुलिस को एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए। बेटी के खिलाफ कोई भी अपमानजनक टिप्पणी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।” उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में गांव की बेटी को पूरे गांव की बेटी माना जाता है और सभी बेटियों का सम्मान सर्वोपरि है।
UP NEWS: अखिलेश को दी नसीहत
सीएम योगी ने कहा, “अखिलेश जी दूसरों को उपदेश देते हैं तो अपने चेलों-चपाटों को भी समझाएं कि भाषा पर संयम रखें। अगर वे नहीं समझते हैं तो उन्हें हमारे हवाले कर दीजिए, हम उन्हें समझा देंगे।” उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा के कई नेता और समर्थक सार्वजनिक जीवन में बहनों, बेटियों, बुजुर्गों और दिवंगत व्यक्तियों के प्रति भी असम्मानजनक भाषा का प्रयोग करते रहे हैं।
आजमगढ़ के विकास का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले आजमगढ़ अपनी पहचान के संकट से जूझ रहा था, लेकिन आज यहां विश्वविद्यालय, पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे, संगीत महाविद्यालय और एयरपोर्ट जैसी सुविधाएं विकसित हुई हैं। उन्होंने कहा कि मुबारकपुर की साड़ी और ब्लैक पॉटरी जैसे स्थानीय उत्पादों को नई पहचान मिली है और डबल इंजन सरकार में कारीगरों तथा व्यापारियों का कारोबार बढ़ा है।
UP NEWS: ‘पहले आतंकवाद से जुड़ता था आजमगढ़ का नाम’
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि एक समय ऐसा था जब देश में होने वाली आतंकी घटनाओं के साथ आजमगढ़ का नाम जोड़ा जाता था, लेकिन अब जिले की पहचान विकास, शिक्षा और संस्कृति से बन रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने युवाओं को रोजगार, किसानों को सुविधाएं और बेटियों को सुरक्षा देने का काम किया है।
राजभर का भी सपा पर हमला
कार्यक्रम में मौजूद मंत्री ओम प्रकाश राजभर (Om Prakash Rajbhar) ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि आगामी चुनाव में आजमगढ़ में सपा के राजनीतिक गढ़ को खत्म किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि क्षेत्र की विभिन्न जातियों और वर्गों का समर्थन एनडीए के साथ है और आने वाले चुनाव में सपा को करारी हार का सामना करना पड़ेगा।
UP NEWS: अदिति यादव मामले में चार पर एफआईआर
अखिलेश यादव की बेटी अदिति यादव के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने के मामले में कानपुर और प्रतापगढ़ में चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और साइबर सेल भी पोस्ट की जांच में जुटी हुई है।
ये भी पढ़े… ‘जनता को हंसाने वाले बयान न दें’— कांग्रेस को गिरिराज सिंह की दो टूक सलाह








