Home » बिहार » NEET का फर्जी पेपर बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़, बिहार पुलिस ने 4 आरोपियों को किया गिरफ्तार

NEET का फर्जी पेपर बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़, बिहार पुलिस ने 4 आरोपियों को किया गिरफ्तार

Neet paper scam: बिहार पुलिस ने NEET-UG समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के फर्जी प्रश्नपत्र बेचकर अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों को ठगने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो सोशल मीडिया के जरिए लोगों को परीक्षा का पेपर उपलब्ध कराने का झांसा देकर मोटी रकम वसूलते थे।

सोशल मीडिया पर फैलाया था ठगी का जाल

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हर्ष, अमन कुमार, कन्हैया कुमार और हर्ष कनोडिया के रूप में हुई है। शनिवार शाम को मुजफ्फरपुर से इन सभी को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के दौरान उनके पास से तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। जांच में सामने आया है कि आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से अभ्यर्थियों और उनके माता-पिता से संपर्क करते थे और उन्हें परीक्षा का प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने का दावा करते थे। इसके बदले वे बड़ी रकम वसूलते थे।

Neet paper scam: पहले गिरफ्तार आरोपी से मिला सुराग

मुजफ्फरपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि इस पूरे नेटवर्क का खुलासा मनीष झा नामक आरोपी की गिरफ्तारी के बाद हुआ। मनीष झा को 2 जून को सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के बालू घाट इलाके से गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ के दौरान मनीष झा ने अपने साथियों के बारे में जानकारी दी, जिसके आधार पर पुलिस ने चार अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी ऑनलाइन बैंक ट्रांसफर के जरिए पैसे लेते थे और बाद में रकम मुख्य आरोपी तक पहुंचा दी जाती थी।

Neet paper scam: अभिभावकों और छात्रों को बनाते थे निशाना

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह विशेष रूप से उन अभिभावकों और छात्रों को निशाना बनाता था जो परीक्षा को लेकर चिंतित रहते थे। आरोपी उन्हें फर्जी पेपर दिखाकर विश्वास में लेते और फिर ठगी को अंजाम देते थे।

बिहार पुलिस की अपील

बिहार पुलिस ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे किसी भी तरह के पेपर लीक या फर्जी प्रश्नपत्र के झांसे में न आएं। यदि किसी को परीक्षा में गड़बड़ी या पेपर लीक से जुड़ी कोई सूचना मिलती है तो वह आर्थिक अपराध इकाई (EOU) बिहार को मोबाइल/व्हाट्सएप नंबर 9031829067 या ईमेल digeou-bih@gov.in पर सूचना दे सकता है। इसके अलावा साइबर ठगी से संबंधित शिकायतें राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर भी दर्ज कराई जा सकती हैं।

मामले की जांच जारी

Neet paper scam: पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

 

 

यह भी पढ़े: चढ़ावे के बंटवारे को लेकर मंदिर में बवाल, बुजुर्ग पुजारी पर बरसीं लाठियां