Home » Breaking News » पाकिस्तान में पुलिस चेकपोस्ट पर आतंकी हमला, 7 जवानों की मौत; 8 आतंकवादी ढेर

पाकिस्तान में पुलिस चेकपोस्ट पर आतंकी हमला, 7 जवानों की मौत; 8 आतंकवादी ढेर

Terrorist attack: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में आतंकवादियों ने एक बार फिर सुरक्षा बलों को निशाना बनाया है। हंगू जिले में देर रात पुलिस चेकपोस्ट पर हुए भीषण आतंकी हमले में सात पुलिसकर्मियों की मौत हो गई, जबकि 22 अन्य घायल हो गए। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षा बलों ने आठ आतंकवादियों को मार गिराया और छह अन्य को घायल कर दिया।

चेकपोस्ट पर देर रात हमला

पुलिस के अनुसार, आतंकवादियों के एक समूह ने हंगू जिले की पुलिस चौकी पर अचानक हमला किया। सुरक्षा बलों ने तुरंत जवाबी फायरिंग की, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच मुठभेड़ हुई। घटना के बाद पूरे इलाके में क्लीयरेंस ऑपरेशन चलाया जा रहा है। फिलहाल किसी भी आतंकी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।

Terrorist attack: हाल के दिनों में बढ़े आतंकी हमले

यह हमला ऐसे समय हुआ है, जब खैबर पख्तूनख्वा में सुरक्षा बल लगातार आतंकियों के निशाने पर हैं। 23 जुलाई को टैंक जिले की एक सुरक्षा चौकी पर आत्मघाती हमला हुआ था, जिसमें नौ सैनिक, चार पुलिसकर्मी और वन विभाग के एक अधिकारी समेत 14 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 24 लोग घायल हुए थे।

पहले भी नाकाम किया गया था हमला

25 जुलाई को पाकिस्तान की सेना ने दावा किया था कि दक्षिण वजीरिस्तान में एक चेकपोस्ट पर विस्फोटकों से लदी गाड़ी के जरिए किए गए हमले की कोशिश को नाकाम कर दिया गया था। सेना के अनुसार, सुरक्षाकर्मियों ने वाहन को चौकी तक पहुंचने से पहले ही नष्ट कर दिया था, जिससे कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।

Terrorist attack: सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर

लगातार हो रहे आतंकी हमलों के बाद पाकिस्तान की सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। हंगू हमले के बाद पूरे क्षेत्र में तलाशी अभियान तेज कर दिया गया है और फरार आतंकवादियों की तलाश जारी है।

ये भी पढ़े… CM योगी आज गाजीपुर को देंगे ₹692 करोड़ की सौगात, विकास परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण और शिलान्यास