Home » उत्तर प्रदेश » प्रयागराज में दिल दहला देने वाली वारदात: एक ही परिवार के तीन लोगों की बेरहमी से हत्या

प्रयागराज में दिल दहला देने वाली वारदात: एक ही परिवार के तीन लोगों की बेरहमी से हत्या

एक ही परिवार के तीन लोगों का कत्ल

Prayagraj News: प्रयागराज के यमुनानगर इलाके में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक ही परिवार के तीन सदस्यों के शव घर के बाहर खून से लथपथ हालत में मिले। इस दिल दहला देने वाली घटना से पूरे गांव में दहशत फैल गई। शांत माहौल वाला गांव अचानक चीख-पुकार और अफरातफरी से भर गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में भी हलचल तेज हो गई।

सोते समय की गई हत्या

यह मामला मेजा थाना क्षेत्र के कुकुरकटवा गांव का है। मृतकों की पहचान 70 वर्षीय श्यामलाल उर्फ कल्लू, उनकी पत्नी मंजू देवी और कल्लू की भाभी के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि तीनों की हत्या सिर पर ईंट या किसी भारी पत्थर से हमला कर की गई।बताया जा रहा है कि वारदात देर रात उस समय हुई, जब तीनों अपने कच्चे मकान में सो रहे थे। हमलावरों ने बेहद निर्ममता से हत्या को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए।

Prayagraj News: एक ही परिवार के तीन लोगों का कत्ल
एक ही परिवार के तीन लोगों का कत्ल

सुबह शव मिलने से मचा हड़कंप

मंगलवार सुबह जब ग्रामीणों ने घर के बाहर तीनों के शव पड़े देखे, तो पूरे गांव में सनसनी फैल गई। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वॉड और फील्ड यूनिट को भी जांच में लगाया गया है। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही आसपास के लोगों और परिवार से जुड़े लोगों से पूछताछ की जा रही है।

Prayagraj News: कई एंगल से जांच कर रही पुलिस

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी तक हत्या के पीछे की वजह साफ नहीं हो सकी है। मामले की जांच कई पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। हालांकि शुरुआती जांच में लूटपाट की संभावना कम दिखाई दे रही है, क्योंकि घर से किसी सामान के गायब होने की जानकारी नहीं मिली है।

जांच के दौरान एक और महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि परिवार की एक युवती लगभग एक महीने पहले घर छोड़कर चली गई थी। इसके बाद से परिवार में कुछ विवाद की स्थिति बनी हुई थी।पुलिस इस पहलू को भी गंभीरता से जांच के दायरे में शामिल कर रही है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल किसी नतीजे पर पहुंचना जल्दबाजी होगी और सभी तथ्यों की गहराई से जांच की जा रही है।

एक ही परिवार के तीन लोगों का कत्ल
एक ही परिवार के तीन लोगों का कत्ल

मौके पर पहुंचे वरिष्ठ अधिकारी

घटना की जानकारी मिलते ही एडिशनल पुलिस कमिश्नर (लॉ एंड ऑर्डर) डॉ. अजय पाल शर्मा, डीसीपी गंगानगर विवेक चंद्र यादव और एसीपी मेजा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच की प्रगति की समीक्षा की।

पुलिस का कहना है कि इस सनसनीखेज तिहरे हत्याकांड की सच्चाई सामने लाने के लिए हर संभावित पहलू पर जांच की जा रही है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा और हत्या में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाया जाएगा।

ये भी पढ़े…आसमान में उठता काला धुआं और फिर सन्नाटा: अमेरिकी एयर फोर्स का घातक हादसा, 8 की जान गई