Rajasthan Nikay Chunav: राजस्थान निकाय चुनावों में बेशक भाजपा को विपक्षी कांग्रेस के मुकाबले ज्यादा वार्डों पर जीत हासिल हुई है, लेकिन चुनाव नतीजों के साफ संदेश हैं कि राज्य के दिग्गज भाजपा नेताओं से जनता बेहद खफा है।जनता ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन राठौड़ को उन्हीं के घर में करारा झटका दिया है।
भरतपुर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का गृह नगर है।यहाँ एक अनोखी तस्वीर देखने को मिली। कुल 65 वार्डों में से 36 पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने बाजी मारी, जबकि बीजेपी को 20 और कांग्रेस को सिर्फ सात सीटें मिलीं।बीएसपी और आरएलपी ने एक-एक सीट जीती। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन राठौड़ के गृह नगर पाली के नतीजे भी पार्टी के लिए अच्छे नहीं रहे।पाली नगर निगम के 65 वार्डों में कांग्रेस ने 29, बीजेपी ने 21 और निर्दलीय उम्मीदवारों ने 15 सीटें जीतीं। ये नतीजे साफ करते हैं कि न तो लोग मुख्यमंत्री से खुश हैं और न ही प्रदेश भाजपा अध्यक्ष से।
पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के गढ़ झालावाड़ नगर परिषद में कांग्रेस ने निर्णायक जीत हासिल की।यहां कांग्रेस ने 25 वार्डों में से 18 पर जीत दर्ज की।हालांकि झालावाड़ में कांग्रेस की जीत को सीधे तौर पर वसुंधरा के लिए झटका नहीं माना जा रहा है। कहा जा रहा है राज्य की मुख्यमंत्री न बनाए जाने के कारण वे पार्टी के लिए सक्रिय नहीं हैं, इसलिए एक तरह से यह मुख्यमंत्री शर्मा और प्रदेश अध्यक्ष राठौड़ के लिए ही झटका माना जाएगा।
लेखक-दाताराम चमोली
ये भी पढ़े… कौन करेगा BRICS के 19वें शिखर सम्मेलन की मेजबानी








