Home » Breaking News » RSS कार्यालय पर हमले से BJP में आक्रोश! संजय सेठ बोले- ‘ये बड़ी साजिश, बिना देरी हो कड़ी कार्रवाई’

RSS कार्यालय पर हमले से BJP में आक्रोश! संजय सेठ बोले- ‘ये बड़ी साजिश, बिना देरी हो कड़ी कार्रवाई’

Ranchi RSS: झारखंड की राजधानी रांची में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के कार्यालय पर हुए कथित पेट्रोल बम हमले के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। देर रात निवारणपुर स्थित संघ कार्यालय पर नकाबपोश युवकों द्वारा पेट्रोल बम फेंके जाने की घटना को भाजपा नेताओं ने गंभीर सुरक्षा चुनौती और बड़ी साजिश करार दिया है।

आग फैलती तो बड़ा हादसा हो सकता 

केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि दो युवकों ने चेहरे ढंककर कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंके। उन्होंने बताया कि घटना के समय परिसर में 18 प्रचारक मौजूद थे। यदि आग फैल जाती और आसपास खड़ी गाड़ियां इसकी चपेट में आ जातीं, तो बड़ा हादसा हो सकता था। उन्होंने कहा कि हमलावर एक अन्य वाहन से आए थे और पूरी घटना सुनियोजित प्रतीत होती है।

Ranchi RSS: डीजीपी और प्रशासन से जांच तेज करने की मांग

संजय सेठ ने बताया कि उन्होंने झारखंड के डीजीपी और जिला प्रशासन के अधिकारियों से बातचीत कर मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह कोई सामान्य घटना नहीं है और इसके पीछे की साजिश को जल्द उजागर किया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में रांची का सामाजिक सौहार्द बिगड़ने नहीं दिया जाएगा।

अर्जुन मुंडा ने घटना को लोकतांत्रिक मूल्यों पर हमला बताया

पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यालय पर हमला अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं सामाजिक सद्भाव, शांति और लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने का प्रयास हैं।

Ranchi RSS: यह सिर्फ कार्यालय नहीं, पूरे झारखंड को जलाने की कोशिश 

भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री सीपी सिंह ने कहा कि निवारणपुर स्थित संघ कार्यालय झारखंड में RSS का प्रमुख केंद्र है और उस पर हमला एक गंभीर साजिश का हिस्सा हो सकता है। उन्होंने कहा कि यदि किसी प्रकार की अनहोनी हो जाती तो पूरे प्रदेश में तनाव की स्थिति पैदा हो सकती थी। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकना प्रशासन की जिम्मेदारी है।

पुलिस जांच में जुटी, हमलावरों की तलाश जारी

घटना के बाद पुलिस और प्रशासन सक्रिय हो गए हैं। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और हमलावरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और सुरक्षा एजेंसियां घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी हैं।

ये भी पढ़े… 2027 चुनाव से पहले ब्राह्मण कार्ड पर सपा का दांव, अखिलेश ने बुलाई अहम बैठक