Amit Shah: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को चंडीगढ़ में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने राहुल गांधी की राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं और नेतृत्व पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनका देश का प्रधानमंत्री बनने का सपना कभी पूरा नहीं होगा। शाह ने राहुल गांधी की मॉक पार्लियामेंट यानी नकली संसद की कवायद पर भी तंज कसा।
Amit Shah: ‘मोहब्बत की दुकान’ पर अमित शाह ने कसा तंज
अमित शाह ने राहुल गांधी के चर्चित नारे ‘मोहब्बत की दुकान’ पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल जी, आपकी मोहब्बत की दुकान में आपको नफरत के सिवा कुछ नहीं मिलेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी प्यार की बात करने के बजाय नफरत फैलाने का काम कर रहे हैं।
Amit Shah: नकली संसद को लेकर राहुल गांधी पर निशाना
राहुल गांधी की मॉक पार्लियामेंट को लेकर अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस नेता प्रधानमंत्री बनने की अपनी महत्वाकांक्षा पूरी करने के लिए नकली संसद आयोजित कर रहे हैं। शाह ने कहा, “राहुल गांधी प्रधानमंत्री बनना चाहते हैं और इसीलिए उन्होंने एक नकली संसद आयोजित करने का नया तरीका निकाला है। राहुल जी, आप अपनी इस नकली संसद में प्रधानमंत्री बने रह सकते हैं, लेकिन देश का प्रधानमंत्री बनने का आपका सपना कभी पूरा नहीं होगा।”
दिल्ली में कांग्रेस की हार को लेकर किया दावा
अमित शाह ने दिल्ली विधानसभा चुनावों में कांग्रेस के प्रदर्शन का जिक्र करते हुए पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पिछले तीन विधानसभा चुनावों में कांग्रेस दिल्ली में एक भी सीट नहीं जीत पाई है। शाह ने दावा किया कि अगले तीन चुनावों में भी कांग्रेस का यही हाल होगा। उन्होंने कहा, “पिछले तीन चुनावों में कांग्रेस दिल्ली में एक भी सीट नहीं जीत पाई है। मेरा मानना है कि अगले तीन चुनावों में भी वह अपना खाता नहीं खोल पाएगी। एक बार फिर विपक्ष में बैठने के लिए तैयार हो जाइए।”
पंजाब में जूनियर पार्टनर नहीं बनेगी बीजेपी
अमित शाह ने पंजाब की राजनीति और 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर भी अपनी पार्टी की रणनीति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि बीजेपी पंजाब में किसी गठबंधन की जूनियर पार्टनर बनकर नहीं रहेगी, बल्कि राज्य में अपनी सरकार बनाने के लिए चुनाव लड़ेगी। उन्होंने पंजाब में नशीले पदार्थों की समस्या को भी प्रमुख चुनावी मुद्दा बनाया। शाह ने वादा किया कि 31 दिसंबर 2029 तक पंजाब और पूरे देश को नशा मुक्त कर दिया जाएगा।
AAP की पहली सूची के बाद पंजाब में बढ़ी राजनीतिक हलचल
आम आदमी पार्टी ने पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 के लिए अपने 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। इसके बाद राज्य में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। बीजेपी भी पंजाब में अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने की तैयारी कर रही है।
अमित शाह के बयानों से संकेत मिलता है कि बीजेपी आगामी चुनाव में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी को आक्रामक तरीके से चुनौती देने की तैयारी में है। पार्टी अपने चुनावी अभियान में नेतृत्व, शासन, नशे की समस्या और राष्ट्रीय राजनीति जैसे मुद्दों को प्रमुखता दे सकती है।
यह भी पढ़े- राहुल गांधी का बड़ा आरोप- 2024 का चुनाव वोट चोरी वाला था, ज्ञानेश कुमार पर भी साधा निशाना








