Gurugram news: शहर में चल रहे निर्माण कार्यों के बीच बरती जा रही लापरवाही एक बार फिर बड़े हादसे की वजह बन गई। द्वारका एक्सप्रेसवे के पास सराय अलावर्दी रोड पर एक तेज रफ्तार कार सीवर लाइन के लिए खोदे गए गहरे गड्ढे में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका अस्पताल में इलाज जारी है।
सीवर लाइन निर्माण के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, सराय अलावर्दी रोड पर 600 एमएम की मुख्य सीवर लाइन बिछाने का काम चल रहा है। इसके लिए सड़क किनारे गहरा गड्ढा खोदा गया था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण स्थल पर न तो पर्याप्त बैरिकेडिंग की गई थी और न ही रात में वाहनों को सतर्क करने के लिए रिफ्लेक्टर या चेतावनी संकेत लगाए गए थे। रविवार देर रात इसी रास्ते से गुजर रही एक तेज रफ्तार कार चालक को गड्ढा दिखाई नहीं दिया और वाहन सीधे उसमें जा गिरा।
Gurugram news: स्थानीय लोगों ने बचाई चालक की जान
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कार का अगला हिस्सा गड्ढे के अंदर बने ढांचे में बुरी तरह फंस गया था। आसपास मौजूद लोगों और राहगीरों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद चालक को कार से बाहर निकाला। इसके बाद घायल चालक को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रशासन की लापरवाही पर उठे सवाल
Gurugram news: हादसे के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है। उनका कहना है कि यदि निर्माण स्थल पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए होते तो यह दुर्घटना टाली जा सकती थी। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसे दोबारा न हों। हादसे की तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रही हैं, जिन्हें देखकर दुर्घटना की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
ये भी पढ़े: इटावा में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, 3 महीने पहले हुई थी शादी; मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप








