Home » बिहार » नई नवेली दुल्हनों की आड़ में हो रही थी शराब तस्करी, बिहार में 1642 बोतल शराब के साथ 4 गिरफ्तार

नई नवेली दुल्हनों की आड़ में हो रही थी शराब तस्करी, बिहार में 1642 बोतल शराब के साथ 4 गिरफ्तार

Bihar news: बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू है, लेकिन इसके बावजूद शराब तस्कर नए-नए तरीके अपनाकर कानून को चुनौती दे रहे हैं। ताजा मामला मुजफ्फरपुर से सामने आया है, जहां उत्पाद विभाग ने एक ऐसे अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है जो ‘फैमिली टूर’ की आड़ में शराब की तस्करी कर रहा था। कार्रवाई के दौरान हरियाणा के दो नवविवाहित जोड़ों समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

गुप्त सूचना के बाद हुई कार्रवाई

उत्पाद विभाग को सूचना मिली थी कि हरियाणा से बड़ी मात्रा में शराब की खेप मुजफ्फरपुर लाई जा रही है। सूचना के आधार पर सरैया के रेवा रोड स्थित मुक्तिधाम के पास घेराबंदी की गई। इसी दौरान छपरा की ओर से आ रही एक संदिग्ध कार को रोककर उसकी जांच की गई।

Bihar news: कार की तलाशी में मिला शराब का जखीरा

तलाशी के दौरान कार की सीटों के नीचे बने गुप्त खानों और डिक्की से हरियाणा निर्मित विदेशी शराब के 1642 पीस बरामद किए गए। जांच में यह भी सामने आया कि पुलिस को भ्रमित करने के लिए वाहन पर मुंगेर का फर्जी नंबर प्लेट लगाया गया था। शराब बरामद होने के बाद मौके से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

Bihar news: नवविवाहित जोड़ों का इस्तेमाल कर रहे थे तस्कर

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरियाणा के रोहतक निवासी अजीत, उसकी पत्नी सोनू, दीपक और उसकी पत्नी राखी के रूप में हुई है। अधिकारियों के अनुसार अजीत और सोनू की शादी करीब दो महीने पहले ही हुई थी। पुलिस से बचने के लिए ये लोग खुद को घूमने निकला परिवार बताकर यात्रा करते थे, जिससे उन पर किसी को शक न हो।

मुजफ्फरपुर में होनी थी शराब की डिलीवरी

Bihar news: पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्हें मुजफ्फरपुर के चांदनी चौक पर वाहन छोड़ना था, जहां से स्थानीय तस्कर शराब की खेप को आगे पहुंचाने वाले थे। आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि वे पहले दरभंगा में भी शराब की सप्लाई कर चुके हैं। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क और इससे जुड़े स्थानीय लोगों की तलाश में जुटी हुई है। मामले के सामने आने के बाद उत्पाद विभाग ने सीमावर्ती इलाकों में जांच और निगरानी अभियान और तेज कर दिया है।

 

 

ये भी पढ़ें: यूक्रेन का रूस पर बड़ा पलटवार, मॉस्को की ऑयल रिफाइनरी पर हमला; आसमान में छाया काला धुआं