Home » Foreign Affairs » यूक्रेन का रूस पर बड़ा पलटवार, मॉस्को की ऑयल रिफाइनरी पर हमला; आसमान में छाया काला धुआं

यूक्रेन का रूस पर बड़ा पलटवार, मॉस्को की ऑयल रिफाइनरी पर हमला; आसमान में छाया काला धुआं

Russia/ukraine: रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध एक बार फिर तेज होता दिखाई दे रहा है। गुरुवार को यूक्रेन ने मॉस्को स्थित एक ऑयल रिफाइनरी को निशाना बनाया, जिसके बाद इलाके में आग लग गई और आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया। सोशल मीडिया पर इस हमले के कई वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि इसी सप्ताह में यह दूसरी बार है जब यूक्रेन ने इस रिफाइनरी को निशाना बनाया है।

कीव पर रूसी हमलों का जवाब बताया

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने इस हमले को रूस की हालिया सैन्य कार्रवाई का जवाब बताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि रूस द्वारा यूक्रेनी शहरों और नागरिक ठिकानों पर किए जा रहे हमलों के खिलाफ यह एक उचित प्रतिक्रिया है। ज़ेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेनी सेना लगातार उन ठिकानों को निशाना बना रही है जो रूस की युद्ध क्षमता को मजबूत करते हैं।

Russia/ukraine: यूनेस्को धरोहर स्थल भी बना था निशाना

इस सप्ताह की शुरुआत में रूस ने कीव समेत कई शहरों पर बड़े पैमाने पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए थे। यूक्रेनी अधिकारियों के अनुसार, इन हमलों में यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल कीव-पेचेर्स्क लावरा मठ परिसर का हिस्सा डोरमिशन कैथेड्रल भी क्षतिग्रस्त हुआ था। हमले में कम से कम 11 लोगों की मौत हुई थी। यूक्रेन का कहना है कि हाल के महीनों में यह उसके सांस्कृतिक और नागरिक ढांचे पर सबसे विनाशकारी हमलों में से एक था।

Russia/ukraine: ड्रोन हमले के बाद मॉस्को एयरपोर्ट पर असर

रूसी अधिकारियों का दावा है कि देश के विभिन्न हिस्सों में 555 यूक्रेनी ड्रोन मार गिराए गए, जबकि मॉस्को की ओर बढ़ रहे करीब 200 ड्रोन को भी रोक लिया गया। सुरक्षा कारणों से मॉस्को के प्रमुख हवाई अड्डों शेरेमेत्येवो, डोमोदेदोवो, व्नुकुवो और ज़ुकोव्स्की से उड़ानों का संचालन अगले आदेश तक रोक दिया गया है।

पुतिन की अहम बैठक से पहले बढ़ा तनाव

Russia/ukraine: यह हमला ऐसे समय हुआ है जब रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन कज़ान में आसियान देशों के नेताओं की मेजबानी कर रहे हैं। रूस इस शिखर सम्मेलन के जरिए क्षेत्रीय सहयोग और आर्थिक संबंधों को मजबूत करने की कोशिश कर रहा है। हालांकि यूक्रेन के ताजा हमले ने सम्मेलन से पहले सुरक्षा और युद्ध को लेकर नई चिंताएं पैदा कर दी हैं। वहीं ज़ेलेंस्की ने एक बार फिर युद्ध समाप्त करने और कूटनीतिक समाधान की जरूरत पर जोर दिया है।

 

 

ये भी पढ़ें: दिल्ली-हरियाणा में बड़ी कार्रवाई, छह हजार पांच सौ लीटर से अधिक मिलावटी घी जब्त