Delhi news: राजधानी दिल्ली के शाहदरा इलाके से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है। घरेलू विवाद के चलते एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की चाकू मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति फरार हो गया, लेकिन दिल्ली पुलिस ने लगातार तीन दिन तक तलाश अभियान चलाकर उसे मुंबई से गिरफ्तार कर लिया। मामले का खुलासा गुरुवार को पुलिस अधिकारियों ने किया।
घर के कमरे में मिला महिला का शव
पुलिस के मुताबिक, 13 जून को कैलाश नगर स्थित एक घर में संदिग्ध परिस्थितियों में महिला का शव मिला था। मृतका की पहचान 30 वर्षीय रुखसार के रूप में हुई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में मृतका का पति खालिद नवी घटना के तुरंत बाद घर से निकलता दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस का शक उस पर गहरा गया और उसकी तलाश शुरू कर दी गई।
Delhi news: पकड़े जाने से बचने के लिए नहीं कर रहा था मोबाइल का इस्तेमाल
पुलिस ने बताया कि हत्या के बाद खालिद फरार हो गया था और खुद को ट्रैक होने से बचाने के लिए किसी भी इलेक्ट्रॉनिक या डिजिटल माध्यम का इस्तेमाल नहीं कर रहा था। इसके बावजूद पुलिस ने खुफिया जानकारी और तकनीकी जांच के जरिए उसके संभावित ठिकानों का पता लगाया। जांच में सामने आया कि आरोपी के संपर्क उत्तर प्रदेश के बदायूं, कर्नाटक के हुबली, मुंबई और गोवा तक फैले हुए थे। इसके बाद पुलिस की अलग-अलग टीमें इन स्थानों पर भेजी गईं और दिल्ली में भी लगातार तलाश जारी रही।
Delhi news: भाई के जरिए मिला अहम सुराग
लगातार प्रयासों के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी अपने भाई के संपर्क में है। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने 16 जून को मुंबई में दबिश देकर खालिद को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, वह वहां अपनी पहचान छिपाकर रह रहा था।
पूछताछ में कबूला हत्या का जुर्म
पूछताछ के दौरान खालिद ने बताया कि उसकी शादी करीब 15 साल पहले रुखसार से हुई थी और उनके तीन बच्चे हैं। आरोपी के अनुसार, पिछले एक साल से दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते थे। उसे शक था कि उसकी पत्नी का किसी अन्य व्यक्ति से संबंध है। पुलिस के मुताबिक, घटना वाले दिन भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। विवाद बढ़ने पर खालिद ने गुस्से में आकर पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद वह दिल्ली से भाग गया और बिना टिकट कई ट्रेनों में सफर करते हुए मुंबई पहुंच गया।
पहले भी कई बार हो चुकी है गिरफ्तारी
Delhi news: पुलिस ने बताया कि आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए अपने भाई की मदद लेने की योजना बना रहा था। जांच में यह भी सामने आया कि खालिद को पहले एहतियाती कार्रवाई के तहत छह बार गिरफ्तार किया जा चुका है। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
ये भी पढ़ें: यूक्रेन का रूस पर बड़ा पलटवार, मॉस्को की ऑयल रिफाइनरी पर हमला; आसमान में छाया काला धुआं








