Home » महाराष्ट्र » 6 सांसदों की बगावत से उद्धव ठाकरे को बड़ा झटका! शिंदे गुट में विलय की तैयारी, सुरक्षा भी बढ़ाई गई

6 सांसदों की बगावत से उद्धव ठाकरे को बड़ा झटका! शिंदे गुट में विलय की तैयारी, सुरक्षा भी बढ़ाई गई

Maharashtra politics: महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर बड़ा सियासी घटनाक्रम सामने आया है। सूत्रों के मुताबिक, उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (UBT) के 6 सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को हस्ताक्षरयुक्त पत्र सौंपकर लोकसभा में अलग गुट के रूप में मान्यता देने की मांग की है। इसके साथ ही सांसदों ने संसद में उनके लिए अलग बैठने की व्यवस्था किए जाने का भी अनुरोध किया है। इस घटनाक्रम को उद्धव ठाकरे के लिए बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है।

22 जून को शिंदे गुट में हो सकता है विलय

जानकारी के अनुसार, 22 जून को दिल्ली में इन सभी सांसदों की मौजूदगी रहने की संभावना है। इसी दिन एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में इनके औपचारिक विलय की प्रक्रिया पूरी की जा सकती है। इससे पहले बुधवार को इन सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात कर दावा किया था कि उन्हें शिवसेना (UBT) के कुल 9 सांसदों में से 6 का समर्थन प्राप्त है।

Maharashtra politics: बागी सांसदों की सुरक्षा बढ़ाई गई

राजनीतिक हलचल के बीच केंद्र सरकार ने इन छह सांसदों की सुरक्षा बढ़ाने का फैसला किया है। गृह मंत्रालय के निर्देश के बाद महाराष्ट्र पुलिस को सभी सांसदों को तत्काल ‘Y+’ श्रेणी के बराबर सुरक्षा उपलब्ध कराने को कहा गया है। बताया जा रहा है कि बगावत की खबरों के बाद उद्धव गुट के कार्यकर्ताओं में नाराजगी बढ़ गई है और कई जगह विरोध प्रदर्शन भी किए जा रहे हैं।

Maharashtra politics: पुलिस और खुफिया एजेंसियां अलर्ट

अधिकारियों के मुताबिक, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और खुफिया एजेंसियों को विशेष निर्देश जारी किए गए हैं। जिला स्तर पर सुरक्षा समितियों को हालात का आकलन कर अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम करने को कहा गया है। पुलिस को यह भी निर्देश दिया गया है कि सांसदों के सार्वजनिक कार्यक्रमों और क्षेत्रीय दौरों के दौरान विशेष सतर्कता बरती जाए ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके।

किन सांसदों की सुरक्षा बढ़ाई गई?

Maharashtra politics: जिन सांसदों की सुरक्षा बढ़ाई गई है उनमें यवतमाल से संजय देशमुख, परभणी से संजय जाधव, मुंबई उत्तर-पूर्व से संजय दीना पाटिल, हिंगोली से नागेश पाटिल अष्टिकार, धाराशिव से ओमराजे निंबालकर और शिरडी से भाऊसाहेब वाघचौरे शामिल हैं। माना जा रहा है कि इन सांसदों के कदम से महाराष्ट्र की राजनीति में आने वाले दिनों में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।

 

 

ये भी पढ़ें: यूक्रेन का रूस पर बड़ा पलटवार, मॉस्को की ऑयल रिफाइनरी पर हमला; आसमान में छाया काला धुआं