Home » उत्तर प्रदेश » धामपुर में मजार मार्ग की दीवार हटाने पर बढ़ा विवाद, प्रशासन और सांसद प्रतिनिधि के बीच हुई बहस

धामपुर में मजार मार्ग की दीवार हटाने पर बढ़ा विवाद, प्रशासन और सांसद प्रतिनिधि के बीच हुई बहस

मजार की दीवार हटाने पर धामपुर में बवाल

Dhamapur Mazar Dispute: बिजनौर जिले के धामपुर में स्थित पीर बाबा मजार तक जाने वाले रास्ते की एक दीवार को बुलडोजर से हटाए जाने के बाद क्षेत्र का माहौल तनावपूर्ण हो गया है। इस कार्रवाई के दौरान आजाद समाज पार्टी के मंडल महासचिव और सांसद प्रतिनिधि विवेक सेन तथा पुलिस क्षेत्राधिकारी अंजनी कुमार चतुर्वेदी के बीच तीखी बहस भी देखने को मिली। घटना के बाद राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

देर रात प्रशासन ने की कार्रवाई

मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर रात टीचर्स कॉलोनी स्थित नासिर बाबा पीर मजार परिसर के रास्ते में बनी दीवार को प्रशासन और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में बुलडोजर से गिराया गया। कार्रवाई के दौरान वहां मौजूद लोगों ने विरोध जताया, जिसके चलते अधिकारियों और सांसद प्रतिनिधि विवेक सेन के बीच कहासुनी हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पुलिस क्षेत्राधिकारी ने लोगों से विरोध न करने की अपील करते हुए कहा कि यह निर्णय प्रशासन की ओर से संयुक्त रूप से लिया गया है। अधिकारियों का कहना था कि राजस्व विभाग पहले ही भूमि की पैमाइश कर चुका था और उप जिलाधिकारी के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई।

Dhamapur Mazar Dispute:  मजार की दीवार हटाने पर धामपुर में बवाल
मजार की दीवार हटाने पर धामपुर में बवाल

Dhamapur Mazar Dispute: विवेक सेन ने उठाए सवाल

कार्रवाई का विरोध कर रहे सांसद प्रतिनिधि विवेक सेन ने प्रशासन की प्रक्रिया और कार्यशैली पर सवाल खड़े किए। मौके पर मौजूद कोतवाल ने दोनों पक्षों को शांत कराने और समझाने का प्रयास किया, लेकिन कुछ समय तक विवाद जारी रहा।दीवार हटाए जाने के बाद देर रात तक मजार परिसर के पास आजाद समाज पार्टी, भीम आर्मी के कार्यकर्ता और स्थानीय लोग धरने पर बैठे रहे। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन की कार्रवाई पर नाराजगी जाहिर करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।

सांसद चंद्रशेखर आजाद को दी गई सूचना

आजाद समाज पार्टी और भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं का कहना है कि घटना की जानकारी नगीना लोकसभा क्षेत्र के सांसद चंद्रशेखर आजाद को उसी रात दे दी गई थी। कार्यकर्ताओं ने दावा किया कि सांसद के धामपुर पहुंचने के बाद आगे की रणनीति तय की जाएगी।विरोध कर रहे लोगों का आरोप है कि प्रशासन ने पर्याप्त सूचना दिए बिना रात के समय दीवार को गिरा दिया। वहीं प्रशासन का कहना है कि पूरी कार्रवाई निर्धारित नियमों और प्रक्रिया के अनुसार की गई है।

मजार की दीवार हटाने पर धामपुर में बवाल
मजार की दीवार हटाने पर धामपुर में बवाल

इलाके में बढ़ाई गई सुरक्षा

स्थिति को देखते हुए शनिवार को धामपुर, स्योहारा, रेहड़, शेरकोट, अफजलगढ़ और नहटौर सहित आसपास के कई थानों की पुलिस को क्षेत्र में तैनात किया गया। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले पर लगातार नजर रखी जा रही है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।पुलिस और प्रशासन ने साफ किया है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था प्रभावित करने या माहौल खराब करने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें…12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर दुनिया ने किया योग, पीएम मोदी ने दिया स्वस्थ जीवन का संदेश