International Yoga Day 2026: दुनिया आज 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मना रही है। इस खास अवसर पर विश्व के अलग-अलग हिस्सों में करोड़ों लोग योग कर रहे हैं और स्वस्थ जीवन का संदेश दे रहे हैं।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी कोलकाता के रेड रोड पर आयोजित योग कार्यक्रम में शामिल हुए। यहां उन्होंने लगभग 35 हजार लोगों के साथ योग किया। इस दौरान उन्होंने प्राणायाम से लेकर ध्यान (मेडिटेशन) तक के माध्यम से पूरी दुनिया को निरोग और स्वस्थ रहने का संदेश दिया।
प्रधानमंत्री मोदी हर साल अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर लोगों के बीच जाकर योग करते हैं। कोलकाता में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में 35 हजार से अधिक लोगों ने भाग लिया। पीएम मोदी का योग सत्र करीब 45 मिनट का रहा। इसकी शुरुआत प्राणायाम से हुई और अंत में मेडिटेशन कराया गया।
देश के अलग-अलग हिस्सों में योग की झलक
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर भारत के अलग-अलग स्थानों पर अनोखे तरीके से योग कार्यक्रम आयोजित किए गए।लद्दाख के द्रास में हिमालय की बर्फीली चोटियों के बीच सेना के जवानों ने योग किया। वहीं बंगाल की खाड़ी में समुद्र के अंदर सबमरीन में मौजूद नौसेना के जवानों ने भी योग करके इस दिन को खास बनाया।मुंबई में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने भी योग कार्यक्रम में भाग लिया। दूसरी ओर कोलकाता में ड्रोन के माध्यम से योग के अलग-अलग आसनों की खूबसूरत प्रस्तुति दिखाई गई।

International Yoga Day 2026: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम
हर साल अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के लिए एक विशेष थीम रखी जाती है, जो योग के महत्व और उद्देश्य को दर्शाती है।
- 2015: सद्भाव और शांति के लिए योग
- 2016: युवाओं को जोड़ने के लिए योग
- 2017: स्वास्थ्य के लिए योग
- 2018: शांति के लिए योग
- 2019: योग फॉर हार्ट
- 2020: घर पर योग, परिवार के साथ योग
- 2021: कल्याण के लिए योग
- 2022: मानवता के लिए योग
- 2023: वसुधैव कुटुम्बकम के लिए योग
- 2024: स्वयं और समाज के लिए योग
- 2025: एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग
- 2026: लंबी और स्वस्थ जिंदगी के लिए योग
विजयवाड़ा में बाबा रामदेव ने किया योग
12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योग गुरु स्वामी रामदेव आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा पहुंचे। इस कार्यक्रम में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू भी स्वामी रामदेव के साथ योग करेंगे।स्वामी रामदेव ने योग दिवस के मौके पर लोगों को स्वस्थ जीवन के लिए योग अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने योग को घर-घर तक पहुंचाने और लोगों को इसके लाभों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
कोलकाता में 10 लाख लोगों ने किया योग
योग दिवस के अवसर पर कोलकाता के अलग-अलग हिस्सों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। पूरे शहर में लगभग 10 लाख लोगों के योग करने की संभावना जताई गई।हालांकि, पश्चिम बंगाल में मौसम विभाग ने बारिश का अलर्ट जारी किया था। विभाग के अनुसार राज्य के कई हिस्सों में बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना थी।इसके अलावा कोलकाता में चार जगहों पर “रन फॉर योग” कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें लगभग 10 हजार लोगों ने हिस्सा लिया।

योग के साथ जीवन में आगे बढ़ें: जेपी नड्डा
12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योग को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाकर मानवता की बड़ी सेवा की है।उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र द्वारा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को मान्यता देना इस बात का प्रमाण है कि योग अब केवल किसी एक देश की परंपरा नहीं बल्कि पूरी दुनिया के लिए उपयोगी बन चुका है।जेपी नड्डा ने लोगों से अपील की कि वे योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं और योग के साथ स्वस्थ एवं बेहतर जीवन की ओर आगे बढ़ें।
पीएम मोदी ने लिया योग को जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से अपील की कि योग को सिर्फ एक दिन या कार्यक्रम तक सीमित न रखें।उन्होंने कहा कि सभी लोगों को संकल्प लेना चाहिए कि वे योग को अपने जीवन और परिवार का हिस्सा बनाएंगे। इसी उद्देश्य से इस वर्ष “योग 365” योजना को आगे बढ़ाया गया है। इसके अंतर्गत 100 दिनों के ऑनलाइन योग कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया।
बेहतर भविष्य के लिए जरूरी है योग: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जब व्यक्ति अपने शरीर को सही तरीके से चलाना सीखता है, तो वह हमेशा स्वस्थ रह सकता है।उन्होंने बताया कि योग हमें यह समझने में मदद करता है कि जीवन में क्या करना चाहिए और क्या नहीं करना चाहिए। पीएम मोदी के अनुसार, योग केवल स्वास्थ्य के लिए ही नहीं बल्कि दुनिया के बेहतर भविष्य के लिए भी आवश्यक है।
योग ने पूरी दुनिया को जोड़ा: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि योग ने पूरी दुनिया को एक साथ जोड़ने का काम किया है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के शानदार आयोजन के लिए कोलकाता प्रशासन का धन्यवाद भी किया।इस दौरान उन्होंने वर्ष 2026 की थीम “योग फॉर हेल्दी एजिंग” के महत्व को समझाते हुए कहा कि योग हर उम्र के व्यक्ति के लिए उपयोगी है।उन्होंने भगवद गीता के श्लोक का उल्लेख करते हुए कहा कि संतुलित आहार और योग के अभ्यास से जीवन में संतुलन बनाया जा सकता है और दुखों को कम किया जा सकता है।

पीएम मोदी ने दी योग दिवस की शुभकामनाएं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी देशवासियों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं दीं।उन्होंने कहा कि 21 जून साल का सबसे बड़ा दिन होता है और इस खास अवसर पर बंगाल में होना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने इस मौके पर गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर को भी याद किया।पीएम मोदी ने कहा कि योग किसी एक उम्र के लोगों तक सीमित नहीं है। यह व्यक्ति के जीवन में चेतना, ऊर्जा और सकारात्मकता का प्रकाश लाता है।
रोज योग करना जरूरी: प्रतिभागियों का संदेश
आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में आयोजित योग कार्यक्रम में शामिल डॉ. अनुराधा ने कहा कि योग हर दिन करना चाहिए क्योंकि इससे व्यक्ति स्वस्थ रह सकता है।उन्होंने कहा कि बाबा रामदेव को यहां योग करते देखना उनके लिए सम्मान और गर्व की बात है। डॉ. अनुराधा ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के कार्यक्रम में हिस्सा लेकर योग भी किया।
पैंगोंग झील के किनारे जवानों ने किया योग
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के जवानों ने पैंगोंग झील के किनारे लुकुंग पोस्ट पर योग सत्र आयोजित किया।इस कार्यक्रम में हिमवीरों, सेना के जवानों, स्थानीय ग्रामीणों और महाबोधि इंस्टीट्यूट के सदस्यों ने उत्साह के साथ भाग लिया।इस आयोजन के माध्यम से स्वास्थ्य, आपसी तालमेल और बेहतर जीवनशैली का संदेश दिया गया।
ये भी पढ़ें…नीट पुनर्परीक्षा को लेकर सहारनपुर-गाजियाबाद में हाई अलर्ट, तैयारियां तेज








