Home » उत्तर प्रदेश » लेबर कैंप में फटे 3 गैस सिलेंडर, 60 मजदूरों की जान बाल-बाल बची

लेबर कैंप में फटे 3 गैस सिलेंडर, 60 मजदूरों की जान बाल-बाल बची

 Noida Fire News:

Noida Fire News: नोएडा के सेक्टर-126 थाना क्षेत्र स्थित रायपुर गांव में मंगलवार सुबह करीब 6 बजे एक दो मंजिला लेबर कैंप में गैस लीकेज के कारण भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में तीन गैस सिलेंडर धमाके के साथ फट गए। विस्फोट के बाद इलाके में घना काला धुआं फैल गया, जिससे आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया।

Noida Fire News: कैंप में मौजूद थे करीब 60 मजदूर-

घटना के समय लेबर कैंप में करीब 60 मजदूर मौजूद थे। आग लगते ही सभी मजदूर सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे। हालांकि अफरा-तफरी के दौरान एक मजदूर की तबीयत बिगड़ गई, जिसे प्राथमिक उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

Noida Fire News: पांच दमकल गाड़ियों ने डेढ़ घंटे में पाया काबू-

सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। आग बुझाने के लिए पांच दमकल गाड़ियों को लगाया गया। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है और स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है।

100 मजदूरों के रहने की व्यवस्था है कैंप में-

रायपुर गांव में लगभग 250 मीटर क्षेत्र में फैला यह दो मंजिला लेबर कैंप हेवी फाइबर और लोहे के एंगलों से तैयार किया गया है। कैंप में छोटे-छोटे केबिननुमा कमरों में करीब 100 मजदूर रहते हैं। यहीं उनके रहने और खाना बनाने की व्यवस्था भी है।

10 से अधिक सिलेंडर सुरक्षित निकाले गए-

प्रारंभिक जांच के अनुसार आग ग्राउंड फ्लोर के एक कमरे में खाना बनाते समय गैस लीकेज से लगी थी। पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम ने मौके से 10 से अधिक छोटे गैस सिलेंडरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

जांच शुरू, रहन-सहन की व्यवस्था पर उठे सवाल-

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में गैस लीकेज को आग लगने का मुख्य कारण माना जा रहा है। हालांकि किसी की जान नहीं गई, लेकिन इस घटना ने लेबर कैंपों में मजदूरों की सुरक्षा और रहन-सहन की व्यवस्थाओं को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

यह भी पढ़ें- Vaibhav Suryavnshi: टीम इंडिया की जर्सी पहन भावुक हुए वैभव सूर्यवंशी, बोले- जिस सपने के लिए बल्ला उठाया था, वो आज पूरा हो गया