Ketan Murder Case: कारोबारी केतन अग्रवाल हत्याकांड में मुख्य आरोपी सिया गोयल के पिता प्रवीण गोयल ने बेहद भावुक और कड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अगर जांच में उनकी बेटी सिया ही हत्या की दोषी पाई जाती है तो उसे भी उसी किले से धक्का दे दिया जाए, जहां से केतन की मौत हुई थी। उन्होंने कहा कि दोषी कोई भी हो, उसे कठोरतम सजा मिलनी चाहिए।
‘केतन मुझे अपने बेटे जैसा लगता था’
प्रवीण गोयल ने कहा कि इस घटना ने उनके परिवार को भी गहरा सदमा पहुंचाया है। उन्होंने बताया कि केतन उनके लिए केवल होने वाला दामाद नहीं, बल्कि बेटे जैसा था। उन्होंने कहा, “अग्रवाल परिवार ने अपना बेटा खोया है, लेकिन मुझे भी उतना ही दुख है। केतन बेहद संस्कारी और अच्छा लड़का था।”
Ketan Murder Case: ‘सिया और चेतन के रिश्ते की जानकारी नहीं थी’
सिया और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी के संबंधों पर प्रवीण गोयल ने कहा कि परिवार को इस बारे में कोई जानकारी नहीं थी। उन्होंने बताया कि उन्होंने कभी चेतन को देखा तक नहीं था और न ही उसका नाम पहले कभी सुना था। उनके मुताबिक, सिया हमेशा केतन और उसके परिवार की तारीफ करती थी और शादी को लेकर बेहद खुश नजर आती थी।
‘अगर सच पता होता तो यह दिन नहीं देखना पड़ता’
प्रवीण गोयल ने कहा कि यदि सिया ने अपने कथित प्रेम संबंध की जानकारी केतन या उसके परिवार को दी होती और वह बात उनके परिवार तक पहुंचती, तो शायद यह दुखद घटना टाली जा सकती थी। उन्होंने कहा कि सच्चाई सामने आनी चाहिए और कानून अपना काम पूरी निष्पक्षता से करे।
Ketan Murder Case: पुलिस कर रही है मामले की जांच
गौरतलब है कि पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में पुलिस ने मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी को गिरफ्तार किया है। दोनों से पूछताछ जारी है और पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। मामले ने पूरे देश का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।
ये भी पढ़े… ईरान के तेल मंत्री से मिले हरदीप सिंह पुरी! भारत-ईरान ऊर्जा साझेदारी को नई मजबूती देने पर हुई बड़ी चर्चा








