Home » उत्तर प्रदेश » एटा में मोहर्रम जुलूस के दौरान बड़ा हादसा, हाईटेंशन लाइन की चपेट में आया ताजिया, युवक की मौत

एटा में मोहर्रम जुलूस के दौरान बड़ा हादसा, हाईटेंशन लाइन की चपेट में आया ताजिया, युवक की मौत

एटा मोहर्रम जुलूस हादसे में युवक की मौत

Etah Accident: उत्तर प्रदेश के एटा जिले में शुक्रवार सुबह मोहर्रम के जुलूस के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। अलीगंज इलाके में निकाले जा रहे ताजिया के जुलूस के दौरान ताजिया हाईटेंशन बिजली लाइन से टकरा गया। इस घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हाईटेंशन लाइन से टकराने के बाद हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, एटा के अलीगंज क्षेत्र में मोहर्रम के मौके पर ताजिया का जुलूस निकाला जा रहा था। इसी दौरान ताजिया ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गया। बिजली का करंट ताजिया में फैल गया, जिसकी चपेट में कई लोग आ गए। अचानक हुई इस घटना से जुलूस में मौजूद लोगों के बीच डर और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

Etah Accident:  एटा मोहर्रम जुलूस हादसे में युवक की मौत
एटा मोहर्रम जुलूस हादसे में युवक की मौत

Etah Accident: अस्पताल पहुंचाए गए घायल

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की। सभी घायलों को तुरंत अलीगंज स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालांकि, इलाज शुरू होने से पहले ही एक युवक की मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान शेख के रूप में हुई है।

मृतक शेख के चाचा इरफान खान ने आईएएनएस को बताया कि पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में ताजिया का जुलूस निकाला जा रहा था। उन्होंने बताया कि जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन मौजूद थी। ताजिया के लाइन से टकराते ही करंट फैल गया, जिससे कई लोग घायल हो गए। उन्होंने कहा कि घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार के लोग तुरंत अस्पताल पहुंचे, जहां उन्हें शेख की मौत के बारे में पता चला।

बिजली विभाग की लापरवाही का आरोप

इरफान खान ने आरोप लगाया कि जुलूस के दौरान बिजली विभाग का कोई कर्मचारी मौके पर मौजूद नहीं था। उनका कहना है कि अगर बिजली कर्मचारी वहां रहते और कुछ समय के लिए बिजली सप्लाई बंद कर दी जाती, तो इस हादसे को रोका जा सकता था।

मृतक शेख के रिश्तेदार आरिफ खान ने बताया कि पुरानी परंपरा के अनुसार ताजिया निकाला जा रहा था। जब जुलूस पुरानी तहसील के पास पहुंचा, तो वहां कुछ वाहन खड़े हुए थे। उन्हें हटाने और बिजली आपूर्ति बंद करने के लिए कहा गया था, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। इसी दौरान ताजिया बिजली की लाइन से टकरा गया और हादसा हो गया।

21 फीट लंबा था ताजिया

आरिफ खान के मुताबिक, जिस ताजिया को जुलूस में ले जाया जा रहा था, उसकी लंबाई करीब 21 फीट थी। लोग उसे अपने कंधों पर उठाकर आगे बढ़ रहे थे। कई बार जुलूस के दौरान ताजिया को हाथों से ऊपर भी उठाया जाता है। इसी दौरान ताजिया ऊपर गई बिजली लाइन के संपर्क में आ गया, जिससे यह हादसा हुआ।

ये भी पढ़े….वेनेजुएला में भूकंप से तबाही, मृतकों की संख्या बढ़कर 235 हुई, राष्ट्रपति ने बचाव और पुनर्निर्माण के लिए दिए निर्देश