Home » मनोरंजन » आज बड़े पर्दे पर छाएगी ‘वेलकम टू द जंगल’, रिकॉर्डतोड़ कमाई के लिए तैयार अक्षय कुमार

आज बड़े पर्दे पर छाएगी ‘वेलकम टू द जंगल’, रिकॉर्डतोड़ कमाई के लिए तैयार अक्षय कुमार

आज बड़े पर्दे पर छाएगी 'वेलकम टू द जंगल', रिकॉर्डतोड़ कमाई के लिए तैयार अक्षय कुमार

Welcome To The Jungle Release: बॉलीवुड स्टार अक्षय कुमार एक बार फिर अपनी कॉमिक टाइमिंग से दर्शकों को गुदगुदाने के लिए तैयार हैं। उनकी बहुप्रतीक्षित मल्टीस्टारर फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ आज सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। लंबे समय से इस फिल्म का इंतजार कर रहे फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। एडवांस बुकिंग के आंकड़े और सोशल मीडिया पर मिल रहे शुरुआती रिएक्शन इस बात की ओर इशारा कर रहे हैं कि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर दमदार शुरुआत कर सकती है।

एडवांस बुकिंग ने बढ़ाई मेकर्स की उम्मीदें

रिलीज से पहले ही फिल्म की एडवांस बुकिंग ने शानदार रफ्तार पकड़ ली है। पहले दिन के लिए हजारों टिकट पहले ही बिक चुके हैं और टिकट बिक्री लगातार बढ़ रही है। ट्रेड रिपोर्ट्स के मुताबिक, बिना ब्लॉक सीटों के फिल्म ने 1 करोड़ रुपये से ज्यादा की एडवांस कमाई कर ली है, जबकि ब्लॉक सीटों के साथ प्री-सेल कलेक्शन 3 करोड़ रुपये से ऊपर पहुंच चुका है। ऐसे में माना जा रहा है कि रिलीज के साथ यह आंकड़ा और तेजी से बढ़ेगा।मुहर्रम की छुट्टी का फायदा भी फिल्म को मिलने की उम्मीद है। ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि ‘वेलकम टू द जंगल’ पहले दिन 23 से 27 करोड़ रुपये के बीच की ओपनिंग कर सकती है। अगर ऐसा होता है तो यह साल की सबसे बड़ी ओपनिंग फिल्मों में अपनी जगह बना सकती है। हालांकि असली तस्वीर पहले दिन के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन के बाद ही साफ होगी।

Welcome To The Jungle Release: अक्षय कुमार की कॉमिक टाइमिंग ने जीता दिल

फिल्म के शुरुआती प्रीव्यू देखने वाले दर्शकों ने सोशल मीडिया पर अक्षय कुमार की कॉमिक टाइमिंग की जमकर तारीफ की है। कई लोगों का कहना है कि लंबे समय बाद अक्षय अपने पुराने कॉमेडी अंदाज में नजर आए हैं। वहीं परेश रावल और राजपाल यादव के साथ उनकी जबरदस्त केमिस्ट्री फिल्म को और भी मजेदार बनाती है। दर्शकों का मानना है कि तीनों कलाकारों की कॉमिक जुगलबंदी फिल्म की सबसे बड़ी ताकत है।

Welcome To The Jungle Release: मैडनेस और कॉमेडी से भरपूर है फिल्म

दर्शकों के शुरुआती रिएक्शन के मुताबिक, ‘वेलकम टू द जंगल’ पूरी तरह मनोरंजन से भरपूर फिल्म है। इसमें मेटा जोक्स, अनप्रिडिक्टेबल कॉमेडी और लगातार हंसाने वाले कई सीक्वेंस हैं। फिल्म में हर कुछ मिनट बाद ऐसा मोड़ आता है जो दर्शकों को हंसी से लोटपोट कर देता है। किरण कुमार और फरीदा जलाल सहित कई कलाकारों के अभिनय की भी जमकर सराहना हो रही है।

मल्टीस्टारर स्टारकास्ट बनी सबसे बड़ी ताकत

‘वेलकम टू द जंगल’ में अक्षय कुमार के अलावा सुनील शेट्टी, परेश रावल, जैकलीन फर्नांडीज, दिशा पटानी, अरशद वारसी, जैकी श्रॉफ, रवीना टंडन, लारा दत्ता, जॉनी लीवर, राजपाल यादव, श्रेयस तलपड़े, तुषार कपूर, कृष्णा अभिषेक, कीकू शारदा, आफताब शिवदासानी, दलेर मेहंदी, किरण कुमार, फरीदा जलाल और कई बड़े कलाकार नजर आ रहे हैं। यही वजह है कि इसे साल की सबसे बड़ी मल्टीस्टारर कॉमेडी फिल्मों में से एक माना जा रहा है।अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि ‘वेलकम टू द जंगल’ रिलीज के पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर कितना धमाल मचाती है। एडवांस बुकिंग, छुट्टी का फायदा और दर्शकों का उत्साह देखकर उम्मीद की जा रही है कि फिल्म शानदार शुरुआत करेगी और अक्षय कुमार के खाते में एक और बड़ी हिट दर्ज हो सकती है।

ये भी पढ़े…….सीएम योगी का विपक्ष पर सीधा वार संविधान का सबसे बड़ा अपमान कांग्रेस-सपा ने किया