KETAN MURDER CASE: पुणे के लोहागढ़ किले में केतन अग्रवाल हत्याकांड पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गहरी चिंता जताते हुए कहा कि यह केवल एक आपराधिक घटना नहीं, बल्कि समाज के सामने खड़ा गंभीर सामाजिक प्रश्न है। उन्होंने कहा कि यह आत्ममंथन का विषय है कि अच्छे परिवारों और शिक्षित युवाओं में बदले की भावना और विकृत मानसिकता क्यों पनप रही है।
‘यह केवल अपराध नहीं, समाज के लिए चेतावनी’
मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि यह घटना बेहद चौंकाने वाली और दुखद है। उन्होंने कहा कि समाज को ऐसी मजबूत व्यवस्था विकसित करनी होगी, जिससे युवा लड़के-लड़कियों में हिंसा, प्रतिशोध और नकारात्मक सोच विकसित ही न हो। उनके अनुसार यह मामला समाज की अंतरात्मा को झकझोर देने वाला है और इसके सामाजिक कारणों पर गंभीर चर्चा जरूरी है।
KETAN MURDER CASE: केतन के पिता ने फास्ट-ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की मांग की
पुणे दौरे के दौरान केतन अग्रवाल के पिता विशाल अग्रवाल ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर मामले की सुनवाई फास्ट-ट्रैक कोर्ट में कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि न्याय में देरी नहीं होनी चाहिए और दोषियों को जल्द से जल्द कड़ी से कड़ी सजा मिले, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।
आरोपी सिया के वकील का बयान
मामले की मुख्य आरोपी सिया गोयल के वकील आशुतोष श्रीवास्तव ने बताया कि सिया ने स्वयं वकालतनामा पर हस्ताक्षर कर उन्हें सौंप दिया है। उन्होंने कहा कि इसे जल्द ही अदालत में दाखिल किया जाएगा और आगे की कानूनी प्रक्रिया के तहत पक्ष रखा जाएगा।
KETAN MURDER CASE: मंगेतर और कथित प्रेमी पर हत्या का आरोप
पुलिस जांच के अनुसार, केतन अग्रवाल की हत्या के मामले में उनकी मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी को आरोपी बनाया गया है। इस सनसनीखेज हत्याकांड ने पूरे देश में चर्चा छेड़ दी है और अब मामले की सुनवाई तथा जांच पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
ये भी पढ़े… राम मंदिर चढ़ावा मामले में सीएम योगी की चुनौती, यदि सबूत हैं तो SIT को दें, आस्था से न खेलें








