Bharat Taxi: देश में सहकारिता मॉडल को परिवहन क्षेत्र से जोड़ने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 27 जून को गुजरात के गांधीनगर में ‘भारत टैक्सी’ सेवा का शुभारंभ करेंगे। महात्मा मंदिर कन्वेंशन एवं प्रदर्शनी केंद्र में आयोजित कार्यक्रम के साथ देश की पहली सहकारिता आधारित चालक-स्वामित्व वाली टैक्सी सेवा औपचारिक रूप से शुरू होगी। सरकार का मानना है कि यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सहकार से समृद्धि’ के संकल्प को नई गति देगी।
सारथी ही होंगे सेवा के मालिक
‘भारत टैक्सी‘ एक डिजिटल परिवहन मंच है, जो सहकारिता के सिद्धांत पर आधारित है। इसकी सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें चालक केवल वाहन चलाने वाले नहीं, बल्कि मंच के सहभागी और स्वामी भी होंगे। शून्य कमीशन व्यवस्था के कारण आय का अधिकतम लाभ सीधे चालकों तक पहुंचेगा। इसके साथ ही उन्हें बीमा, ऋण, पेंशन और विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ भी मिलेगा।
Bharat Taxi: गुजरात के 14 शहरों में होगी शुरुआत
इस सेवा की शुरुआत गुजरात के 14 प्रमुख शहरों में की जाएगी। इनमें अहमदाबाद, सूरत, वडोदरा, राजकोट, द्वारका, सोमनाथ, जामनगर, भावनगर, आनंद, नडियाद, मेहसाणा, अमरेली, जूनागढ़ और वलसाड शामिल हैं। अगले एक महीने में पूरे गुजरात में इस सेवा का विस्तार करने का लक्ष्य रखा गया है। वर्तमान में देशभर के सात लाख से अधिक चालक इस मंच से जुड़े हैं, जिनमें डेढ़ लाख से अधिक गुजरात के हैं। वहीं 37 लाख से अधिक ग्राहक इसकी सेवाओं का लाभ उठा चुके हैं।
सहकारिता आधारित परिवहन को मिलेगा बढ़ावा
कार्यक्रम में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल सहित सहकारिता क्षेत्र के अनेक वरिष्ठ अधिकारी और चार हजार से अधिक चालक भाग लेंगे। इस दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चालकों को सम्मानित किया जाएगा तथा विभिन्न संस्थाओं के बीच समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान भी होगा। सरकार का लक्ष्य आने वाले वर्षों में इस सेवा का विस्तार देश के सभी राज्यों और प्रमुख शहरों तक कर सहकारिता आधारित, सुरक्षित और आत्मनिर्भर परिवहन व्यवस्था विकसित करना है।
ये भी पढ़ें…डॉक्टर से दबंग IPS तक: जानिए डॉ. विपिन ताडा की वो कहानी, जिनके नाम हैं बहादुरी के कई बड़े रिकॉर्ड








