Home » राष्ट्रीय » डॉक्टर से दबंग IPS तक: जानिए डॉ. विपिन ताडा की वो कहानी, जिनके नाम हैं बहादुरी के कई बड़े रिकॉर्ड

डॉक्टर से दबंग IPS तक: जानिए डॉ. विपिन ताडा की वो कहानी, जिनके नाम हैं बहादुरी के कई बड़े रिकॉर्ड

Vipin Tada: जानिए डॉक्टर से दबंग IPS डॉ. विपिन ताडा की कहानी

Vipin Tada: उत्तर प्रदेश पुलिस में जब तेज-तर्रार और बेखौफ अधिकारियों की बात होती है तो डॉ. विपिन ताडा का नाम प्रमुखता से लिया जाता है। सरकारी डॉक्टर की नौकरी छोड़कर भारतीय पुलिस सेवा में आए डॉ. ताडा ने अपने कार्यकाल में कई चर्चित अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाए और कई बड़े मामलों का खुलासा किया। अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था और साहसिक कार्रवाई के कारण वह उत्तर प्रदेश पुलिस के सबसे चर्चित अधिकारियों में गिने जाते हैं। खास बात यह है कि वह उन चुनिंदा अधिकारियों में शामिल हैं, जिन्हें सेवा के शुरुआती वर्षों में ही राष्ट्रपति वीरता पदक सहित पुलिस के तीनों प्रतिष्ठित पदक प्राप्त हुए।

जोधपुर से शुरू हुआ सफर, डॉक्टर बनकर पूरा किया सपना

डॉ. विपिन ताडा का जन्म 22 जनवरी 1984 को राजस्थान के जोधपुर में हुआ। उनके पिता वरिष्ठ अधिवक्ता मच्छी राम ताडा और माता किरण ताडा हैं। शुरुआती पढ़ाई जोधपुर के सेंट एंथोनी विद्यालय से हुई। बचपन से ही पढ़ाई में मेधावी रहे विपिन ने माध्यमिक और उच्च माध्यमिक शिक्षा प्रथम श्रेणी में पूरी की। इसके बाद उन्होंने डॉ. संपूर्णानंद मेडिकल कॉलेज, जोधपुर से चिकित्सा की पढ़ाई पूरी की और इंटर्नशिप के बाद दिल्ली के इंदिरा गांधी चिकित्सालय में सेवाएं दीं। बाद में उनका चयन सरकारी चिकित्सक के रूप में हुआ।

सरकारी नौकरी मिलने के बाद भी उनके मन में कुछ बड़ा करने की इच्छा थी। उन्होंने नौकरी के साथ संघ लोक सेवा आयोग की तैयारी शुरू की और लगभग डेढ़ वर्ष की मेहनत के बाद वर्ष 2012 में भारतीय पुलिस सेवा में चयनित हुए। उन्हें उत्तर प्रदेश संवर्ग मिला।

Vipin Tada: पहली पोस्टिंग से ही अपराधियों पर सख्त कार्रवाई

वर्ष 2014 में आगरा में पहली नियुक्ति के बाद गाजियाबाद में सहायक पुलिस अधीक्षक के रूप में उन्होंने एक चर्चित लूटकांड का खुलासा किया। मांस कारोबारी से हुई 25 लाख रुपये की लूट का पर्दाफाश कर पूरी रकम बरामद की। इस उत्कृष्ट कार्य के लिए उन्हें पुलिस महानिदेशक का प्रशंसा चिह्न मिला।

इसके बाद आजमगढ़ में अवैध शराब माफियाओं के खिलाफ अभियान चलाया। प्रयागराज और अमरोहा में भी अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की। उनके नेतृत्व में कई संगठित अपराधी गिरोहों पर शिकंजा कसा गया।

Vipin Tada: जानिए डॉक्टर से दबंग IPS डॉ. विपिन ताडा की कहानी

जब दो सिपाहियों के हत्यारे इनामी बदमाश का किया सामना

वर्ष 2019 में अमरोहा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रहते हुए डॉ. विपिन ताडा ने उस अभियान का नेतृत्व किया, जिसने पूरे प्रदेश का ध्यान खींचा। संभल में दो पुलिसकर्मियों की हत्या कर सरकारी राइफल लूटने वाले ढाई लाख रुपये के इनामी बदमाश ‘कमल’ की सूचना मिलने पर उन्होंने पुलिस और विशेष कार्यबल के साथ जंगल में घेराबंदी की।

करीब बीस मिनट तक चली मुठभेड़ में बदमाश लगातार पुलिस पर गोली चलाता रहा। जवाबी कार्रवाई में वह मारा गया, जबकि उसके दो साथी गिरफ्तार कर लिए गए। इस अभियान को सफलतापूर्वक पूरा करने पर डॉ. ताडा को राष्ट्रपति द्वारा वीरता पदक से सम्मानित किया गया।

Vipin Tada: गोरखपुर में छात्रा हत्याकांड के आरोपी को किया ढेर

वर्ष 2021 में गोरखपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रहते हुए उन्होंने एक चर्चित छात्रा हत्याकांड की जांच का नेतृत्व किया। आरोपी विजय ने एक किशोरी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। कई दिनों तक जंगलों में तलाश, मुखबिर तंत्र और विशेष अभियान के बाद पुलिस ने आरोपी को घेर लिया। आत्मसमर्पण के बजाय उसने पुलिस पर गोली चलाई, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में वह मारा गया।

गोरखपुर में उनके कार्यकाल के दौरान महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष अभियान चलाए गए। वह कई बार सादे कपड़ों में स्वयं सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते थे। भू-माफिया और शराब माफियाओं के खिलाफ भी व्यापक कार्रवाई की गई।

Vipin Tada: जानिए डॉक्टर से दबंग IPS डॉ. विपिन ताडा की कहानी

भीम आर्मी प्रमुख पर हमले का तेजी से किया खुलासा

सहारनपुर में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रहते हुए भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर पर हुए हमले की जांच उनके लिए बड़ी चुनौती थी। उन्होंने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया, विशेष टीमें गठित कीं और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचे। पुलिस ने अंबाला से मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर इस चर्चित मामले का खुलासा किया।

इसी दौरान उन्होंने कुख्यात माफिया इकबाल की लगभग 800 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध संपत्तियों को चिन्हित कर जब्त कराने की कार्रवाई भी कराई। इसके अलावा कई भू-माफियाओं के विरुद्ध भी कठोर कार्रवाई की गई।

Vipin Tada: मेरठ में भी दिखाई सख्त प्रशासनिक शैली

वर्तमान में मेरठ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के रूप में कार्यरत डॉ. विपिन ताडा अपराध नियंत्रण के साथ-साथ कानून व्यवस्था को लेकर लगातार सक्रिय रहते हैं। कांवड़ यात्रा जैसे विशाल आयोजन के दौरान उन्होंने स्वयं देर रात तक संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण किया और पुलिस बल के साथ सड़क पर मौजूद रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी की।

Vipin Tada: जानिए डॉक्टर से दबंग IPS डॉ. विपिन ताडा की कहानी

सम्मान और उपलब्धियां

डॉ. विपिन ताडा को सेवा के दौरान अनेक प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त हुए हैं।

राष्ट्रपति द्वारा वीरता के लिए गैलेंट्री अवॉर्ड।

पुलिस महानिदेशक का प्रशंसा चिह्न।

पुलिस सेवा के तीनों प्रतिष्ठित पदक — सिल्वर, गोल्ड और प्लेटिनम।

इन उपलब्धियों के कारण वह उत्तर प्रदेश पुलिस के उन विरले अधिकारियों में शामिल हैं, जिन्होंने अपने अपेक्षाकृत छोटे सेवा काल में ही बहादुरी, उत्कृष्ट जांच और प्रभावी नेतृत्व के लिए राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई। सरकारी डॉक्टर से भारतीय पुलिस सेवा के साहसी अधिकारी बनने तक का उनका सफर आज युवाओं के लिए प्रेरणा का उदाहरण माना जाता है।

 

ये भी पढ़ें…भोजपुर में नई बस्ती का नाम भरत भूषण तिवारी के नाम पर रखा जाएगा