Delhi NCR Earthquake: अफगानिस्तान के हिंदूकुश क्षेत्र में शनिवार शाम 7:04 बजे रिक्टर स्केल पर 6.2 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। भूकंप के झटके अफगानिस्तान के अलावा भारत, पाकिस्तान, चीन, ताजिकिस्तान, उज्बेकिस्तान, किर्गिस्तान और तुर्कमेनिस्तान समेत कुल आठ देशों में महसूस किए गए।
दिल्ली-NCR और जम्मू-कश्मीर में महसूस हुए झटके
भारत में जम्मू-कश्मीर और दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में भूकंप के झटके महसूस होने के बाद लोग एहतियातन घरों और दफ्तरों से बाहर निकल आए। हालांकि, अब तक किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।
Delhi NCR Earthquake: 215 किलोमीटर गहराई में था भूकंप का केंद्र
भूकंप का केंद्र उत्तर-पूर्वी अफगानिस्तान में कलाफगान से करीब 81 किलोमीटर दूर स्थित था। इसकी गहराई लगभग 215 किलोमीटर बताई गई है। अधिक गहराई में आने के कारण इसका असर दूर-दराज के देशों तक महसूस हुआ।
Delhi NCR Earthquake: प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया अनुभव
श्रीनगर निवासी इम्तियाज अहमद ने बताया कि वह घर के बाहर बैठे थे, तभी कुर्सी और बिजली के तार हिलने लगे। वहीं एक छात्र ने बताया कि सड़क पर चलते समय उसे हल्के झटके महसूस हुए।
पिछले 24 घंटे में भारत और पाकिस्तान में कई भूकंप
शनिवार सुबह हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में भी 3.2 तीव्रता का हल्का भूकंप आया था। वहीं यूरोपियन-मेडिटेरेनियन सीस्मोलॉजिकल सेंटर (EMSC) के अनुसार, पिछले 24 घंटों में पाकिस्तान में चार भूकंप दर्ज किए गए, जिनमें सबसे तेज 5.5 तीव्रता का था। बलूचिस्तान में आए इस भूकंप में पांच लोगों के घायल होने की सूचना है।
अफगानिस्तान में बार-बार क्यों आते हैं भूकंप?
विशेषज्ञों के अनुसार अफगानिस्तान दुनिया के सबसे अधिक भूकंप प्रभावित देशों में शामिल है। इसकी प्रमुख वजह भारतीय (Indian) और यूरेशियन (Eurasian) टेक्टोनिक प्लेटों का लगातार टकराना है। हिंदूकुश पर्वतीय क्षेत्र कई सक्रिय फॉल्ट लाइनों पर स्थित है, जिसके कारण यहां अक्सर मध्यम और तेज तीव्रता के भूकंप आते रहते हैं।
6.5 से अधिक तीव्रता के भूकंप में बढ़ता है खतरा
भूकंप विशेषज्ञों के अनुसार, सामान्य तौर पर 6.5 या उससे अधिक तीव्रता के भूकंप में जान-माल के नुकसान की आशंका अधिक रहती है। जबकि 6 या उससे कम तीव्रता के भूकंप का प्रभाव स्थानीय परिस्थितियों और केंद्र की गहराई पर निर्भर करता है।
यह भी पढे़ : ट्रंप के संभावित भारत दौरे से पहले बढ़ी राजनीतिक चर्चा








