Home » अंतर्राष्ट्रीय » मिडिल ईस्ट में फिर बढ़ा तनाव! अमेरिका ने ईरान के 10 ठिकानों पर किया हमला, नेवी-एयरफोर्स की संयुक्त कार्रवाई का VIDEO जारी

मिडिल ईस्ट में फिर बढ़ा तनाव! अमेरिका ने ईरान के 10 ठिकानों पर किया हमला, नेवी-एयरफोर्स की संयुक्त कार्रवाई का VIDEO जारी

US Iran Tension: अमेरिका ने शनिवार को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के आसपास स्थित ईरान के 10 सैन्य ठिकानों पर मिसाइल और हवाई हमले किए। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के अनुसार यह कार्रवाई तेल टैंकर M/T Kiku पर हुए कथित ईरानी ड्रोन हमले के जवाब में की गई। ऑपरेशन में अमेरिकी नेवी और एयरफोर्स ने संयुक्त रूप से हिस्सा लिया।

10 सैन्य ठिकानों को बनाया निशाना

CENTCOM ने बताया कि हमलों में ईरान के सैन्य निगरानी तंत्र, संचार नेटवर्क, एयर डिफेंस सिस्टम, ड्रोन स्टोरेज सुविधाओं और बारूदी सुरंग बिछाने की क्षमता से जुड़े ठिकानों को निशाना बनाया गया। अमेरिकी सेना का दावा है कि इन ठिकानों को भारी नुकसान पहुंचा है।

US Iran Tension: 20 लाख बैरल तेल लेकर जा रहा था टैंकर

अमेरिकी सेना के मुताबिक शनिवार तड़के ईरानी बलों ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजर रहे तेल टैंकर M/T Kiku पर ड्रोन हमला किया। जहाज में 20 लाख से अधिक बैरल कच्चा तेल लदा था। अमेरिका का आरोप है कि ईरान को युद्धविराम का पालन करने का अवसर दिया गया था, लेकिन उसने इसके बजाय एक व्यापारी जहाज को निशाना बनाया।

कतर से यूएई जा रहा था जहाज

शिप ट्रैकिंग डेटा के अनुसार, M/T Kiku कतर के एक तेल क्षेत्र से रवाना होकर संयुक्त अरब अमीरात के बंदरगाह की ओर जा रहा था। जहाज ओमान के तट के पास बने वैकल्पिक समुद्री मार्ग से गुजर रहा था, जिसे ईरानी जलक्षेत्र के विकल्प के रूप में इस्तेमाल किया जाता है।

US Iran Tension: CENTCOM ने जारी किया वीडियो

कार्रवाई के बाद अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ऑपरेशन का वीडियो साझा किया। अमेरिकी सेना का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य ईरान की सैन्य क्षमताओं को कमजोर करना और अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करना था।

ट्रंप की सख्त चेतावनी

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान ने युद्धविराम समझौते का उल्लंघन किया है। उन्होंने कहा कि अमेरिका ने मिसाइल, ड्रोन स्टोरेज और तटीय रडार ठिकानों को निशाना बनाया है। ट्रंप ने चेतावनी दी कि यदि ईरान अपनी गतिविधियां नहीं रोकता, तो अमेरिका और भी कठोर सैन्य कदम उठाने से पीछे नहीं हटेगा।

US Iran Tension: पहले भी बढ़ चुका है तनाव

हाल के दिनों में अमेरिका और ईरान के बीच तनाव लगातार बढ़ा है। इससे पहले ओमान तट के पास एक व्यापारी जहाज पर कथित ड्रोन हमले के बाद भी अमेरिका ने जवाबी सैन्य कार्रवाई की थी। ताजा घटनाक्रम ने पश्चिम एशिया में सुरक्षा और वैश्विक तेल आपूर्ति को लेकर चिंताएं और बढ़ा दी हैं।

ये भी पढ़े… US Iran Conflict: अमेरिका-ईरान तनाव फिर बढ़ा, हवाई हमलों और जवाबी कार्रवाई से शांति वार्ता पर संकट