Home » उत्तर प्रदेश » बिहार पुलिस परीक्षा में सॉल्वर गैंग का खुलासा, 4 जिलों से 20 लोग हिरासत में

बिहार पुलिस परीक्षा में सॉल्वर गैंग का खुलासा, 4 जिलों से 20 लोग हिरासत में

Bihar Police Exam Fraud:

Bihar Police Exam Fraud: बिहार में प्रतियोगी परीक्षाओं में सॉल्वर गिरोह की सक्रियता एक बार फिर सामने आई है। रविवार को आयोजित बिहार पुलिस रेडियो ऑपरेटर भर्ती परीक्षा के दौरान खगड़िया, सहरसा, किशनगंज और जमुई में कुल 20 लोगों को हिरासत में लिया गया। पुलिस को आशंका है कि इन सभी के तार सॉल्वर गिरोह से जुड़े हो सकते हैं। फिलहाल सभी से पूछताछ की जा रही है।

Bihar Police Exam Fraud: खगड़िया में 15 लोग पकड़े गए, होटल में भी छापेमारी-

खगड़िया में सबसे बड़ी कार्रवाई हुई, जहां रोजवड स्कूल, एसआर उच्च विद्यालय समेत अन्य परीक्षा केंद्रों से 12 फर्जी परीक्षार्थियों को पकड़ा गया। वहीं, परमानंदपुर में एनएच-31 के पास एक होटल में छापेमारी कर तीन कथित सेटरों को हिरासत में लिया गया। सदर एसडीपीओ-01 मुकुल रंजन ने बताया कि मामले की जांच जारी है और सभी तथ्यों की पुष्टि के बाद आधिकारिक जानकारी साझा की जाएगी।

Bihar Police Exam Fraud: सहरसा में शिक्षक समेत तीन संदिग्ध हिरासत में-

सहरसा पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर तीन लोगों को हिरासत में लिया। इनमें बनमा इटहरी निवासी चंदन कुमार, जो एक निजी पॉलीटेक्निक संस्थान में शिक्षक बताया जा रहा है, के पास से ब्लैंक चेक और शैक्षणिक प्रमाणपत्र बरामद हुए हैं। दूसरे आरोपी की पहचान सिमराहा निवासी चंदन के रूप में हुई है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।

मुजफ्फरपुर में फर्जी बायोमीट्रिक कर्मचारी, बेतिया में ब्लूटूथ से नकल-

मुजफ्फरपुर के मिठनपुरा स्थित चैपमैन बालिका उच्च विद्यालय परीक्षा केंद्र पर एक व्यक्ति खुद को बायोमीट्रिक एजेंसी का अधिकारी बताकर प्रवेश करने की कोशिश कर रहा था। संदेह होने पर उसे पकड़ लिया गया। वहीं, बेतिया के विपिन उच्च विद्यालय परीक्षा केंद्र पर ब्लूटूथ डिवाइस के जरिए नकल करते हुए नवादा निवासी अजय कुमार को गिरफ्तार किया गया।

परीक्षार्थियों की भीड़ से रेलवे स्टेशन रहे खचाखच-

बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा के चलते पटना जंक्शन, राजेंद्र नगर टर्मिनल, दानापुर समेत राज्य के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर भारी भीड़ रही। रेलवे ने अतिरिक्त टिकट काउंटर, हेल्प डेस्क और सुरक्षा व्यवस्था की। आरपीएफ और जीआरपी के जवानों की अतिरिक्त तैनाती की गई। दानापुर मंडल ने अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए शनिवार और रविवार को कुल 13 परीक्षा स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया।

जांच जारी, सॉल्वर गिरोह के बड़े नेटवर्क की आशंका-

पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में सॉल्वर गिरोह की संलिप्तता के संकेत मिले हैं। सभी हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ जारी है और पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए विभिन्न जिलों में जांच तेज कर दी गई है। मामले में आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना से इनकार नहीं किया गया है।

यह भी पढ़ें- पटना के दीदारगंज में तेल-रिफाइन गोदाम में लगी भीषण आग, दमकल की दो दर्जन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं