Home » राजनीति » भाजपा की राष्ट्रीय टीम में यूपी से बढ़ेगा प्रतिनिधित्व? लखनऊ में नितिन नवीन और बीएल संतोष करेंगे मंथन

भाजपा की राष्ट्रीय टीम में यूपी से बढ़ेगा प्रतिनिधित्व? लखनऊ में नितिन नवीन और बीएल संतोष करेंगे मंथन

BJP National Team:

BJP National Team:  उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों में जुटी भाजपा अब संगठन को और मजबूत करने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। इसी क्रम में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष 3 और 4 जुलाई को लखनऊ के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान विधानसभा चुनाव की रणनीति के साथ-साथ भाजपा की राष्ट्रीय टीम में उत्तर प्रदेश से नए पदाधिकारियों के चयन पर भी मंथन होगा।

BJP National Team: राष्ट्रीय टीम में यूपी से बढ़ सकता है प्रतिनिधित्व-

सूत्रों के अनुसार भाजपा संगठन से लेकर केंद्र सरकार के संभावित मंत्रिमंडल विस्तार तक उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व बढ़ाने की तैयारी में है। चर्चा है कि नई राष्ट्रीय टीम में यूपी से दो राष्ट्रीय महामंत्री, तीन राष्ट्रीय उपाध्यक्ष समेत करीब 10 पदाधिकारियों को जगह मिल सकती है।

BJP National Team: प्रदेश संगठन के साथ होगी अहम बैठक-

25 जून को भाजपा उत्तर प्रदेश की नई प्रदेश इकाई, क्षेत्रीय अध्यक्षों और छह मोर्चों के अध्यक्षों की घोषणा हो चुकी है। इसी टीम की देखरेख में 2027 का विधानसभा चुनाव लड़ा जाएगा। लखनऊ दौरे के दौरान नितिन नवीन और बीएल संतोष प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह के साथ बैठक कर राष्ट्रीय टीम के संभावित नामों पर अंतिम चर्चा करेंगे।

वर्तमान राष्ट्रीय टीम में यूपी के ये नेता शामिल-

फिलहाल भाजपा की राष्ट्रीय टीम में उत्तर प्रदेश से राधामोहन अग्रवाल और अरुण सिंह राष्ट्रीय महामंत्री हैं। वहीं लक्ष्मीकांत बाजपेयी, रेखा वर्मा और तारिक मंसूर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं। राज्यसभा सांसद सुरेंद्र नागर राष्ट्रीय मंत्री तथा राजेश अग्रवाल कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

इन नेताओं के नाम चर्चा में-

पार्टी सूत्रों के मुताबिक इस बार कई युवा और नए चेहरों को मौका मिल सकता है। संभावित नामों में पूर्व मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह, पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी, राज्यसभा सदस्य अमरपाल मौर्य, पूर्व सांसद विनोद सोनकर, रेखा वर्मा, नोएडा विधायक पंकज सिंह, एमएलसी अश्विनी त्यागी, अशोक कटारिया, गोविंद नारायण शुक्ल और संतोष सिंह शामिल बताए जा रहे हैं।

पुराने नेताओं को भी मिल सकती है नई जिम्मेदारी-

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि प्रदेश संगठन में नए चेहरों को अवसर मिलने से कुछ वरिष्ठ नेताओं में नाराजगी हो सकती है। ऐसे में पार्टी उन्हें संगठन, निगम, आयोग, बोर्ड या चुनावी समितियों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देकर संतुलन बनाने की कोशिश कर सकती है।

सीएम योगी समेत कई नेताओं से होगी मुलाकात-

लखनऊ प्रवास के दौरान नितिन नवीन और बीएल संतोष मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और अन्य वरिष्ठ मंत्रियों से भी मुलाकात करेंगे। इसके बाद प्रदेश, क्षेत्रीय और जिला स्तर के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आगामी चुनावों के लिए संगठनात्मक रणनीति को अंतिम रूप दिया जाएगा।

यह भी पढ़ें- बिहार में 45,748 एकड़ भूमि का अधिग्रहण, 15 अगस्त को भूमिहीनों को मिलेगी जमीन; 909 नए पुलों को भी मंजूरी