Home » नई दिल्ली » SIR अभियान के पहले दिन ठप हुआ वोटर लिस्ट पोर्टल, BLO परेशान; दिल्ली में शुरू हुआ घर-घर सत्यापन

SIR अभियान के पहले दिन ठप हुआ वोटर लिस्ट पोर्टल, BLO परेशान; दिल्ली में शुरू हुआ घर-घर सत्यापन

 SIR Delhi:

SIR Delhi: राजधानी दिल्ली में मंगलवार से मतदाता सूची के स्पेशल समरी रिविजन (SIR) अभियान की औपचारिक शुरुआत हो गई। इस अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को पूरी तरह अपडेट और प्रामाणिक बनाना है। हालांकि, पहले ही दिन तकनीकी दिक्कतों ने अभियान की रफ्तार धीमी कर दी।

SIR Delhi: पोर्टल नहीं खुलने से BLO और स्थानीय लोग परेशान-

अभियान शुरू होते ही SIR पोर्टल काम नहीं कर सका। पोर्टल बंद रहने के कारण बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) फील्ड वेरिफिकेशन की प्रक्रिया शुरू नहीं कर पाए। वहीं, स्थानीय लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। BLO को उम्मीद है कि दोपहर तक पोर्टल सुचारु रूप से काम करने लगेगा।

SIR Delhi: 70 विधानसभा क्षेत्रों में चलेगा एक महीने का अभियान-

दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) अशोक कुमार ने सोमवार को अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि यह विशेष पुनरीक्षण अभियान एक महीने तक चलेगा। उनके साथ संयुक्त CEO बलराम मीणा भी मौजूद रहे। राजधानी के सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता सूची को अपडेट करने के लिए 13,033 BLO और राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त 32,429 BLA-2 घर-घर जाकर सर्वे करेंगे।

ऐसे होगी SIR की प्रक्रिया-

सर्वे के दौरान BLO प्रत्येक मतदाता को ‘एन्युमरेशन फॉर्म’ की दो प्रतियां देंगे। एक प्रति BLO अपने पास रखेंगे, जबकि दूसरी प्राप्ति रसीद के रूप में मतदाता के पास रहेगी। इस फॉर्म के साथ किसी भी प्रकार का पहचान पत्र या अन्य दस्तावेज जमा नहीं करना होगा।

घर बंद मिलने पर तीन बार आएंगे BLO-

यदि सर्वे के दौरान कोई घर बंद मिलता है तो BLO फॉर्म घर में डाल देंगे। इसके बाद फॉर्म एकत्र करने के लिए वे कम से कम तीन बार संबंधित पते पर जाएंगे, ताकि कोई भी पात्र मतदाता छूट न जाए।

बेघरों और विस्थापितों के लिए होगी विशेष व्यवस्था-

मुख्य निर्वाचन अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि हाल के अतिक्रमण विरोधी अभियान में जिन लोगों के घर टूट गए हैं और जो इस प्रक्रिया में शामिल नहीं हो पा रहे हैं, उनके लिए चुनाव आयोग से चर्चा कर विशेष व्यवस्था की जाएगी। वहीं, बेघर लोगों द्वारा बताए गए पते या जिस पोल (खंभे) का पता दिया जाएगा, वहां तक भी फॉर्म पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी, ताकि सभी पात्र मतदाताओं को इस अभियान में शामिल किया जा सके।

यह भी पढ़ें- योगी सरकार का बड़ा फैसला, ग्राम सचिवालय में 1 जुलाई से बैठेंगे लेखपाल, अब ग्रामीणों को नहीं लगाने पड़ेंगे तहसील के चक्कर