US-Iran News: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने पेट्रोल बेचने वाली कंपनियों से तुरंत ईंधन की कीमतें घटाने की अपील की है। ट्रम्प ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत घटकर 68 डॉलर प्रति बैरल रह गई है, लेकिन इसका फायदा उपभोक्ताओं तक नहीं पहुंच रहा है। उन्होंने कंपनियों से पेट्रोल की कीमत करीब 2.50 डॉलर प्रति गैलन तक लाने को कहा और चेतावनी दी कि जरूरत से ज्यादा कीमत वसूलना गैरकानूनी है।
तेल कंपनियों को ट्रम्प की चेतावनी
ट्रम्प ने कहा कि यदि तेल कंपनियों ने जल्द कीमतें कम नहीं कीं तो उन्हें कानूनी कार्रवाई और जांच का सामना करना पड़ सकता है। इससे पहले भी वह अमेरिकी न्याय विभाग को बड़ी तेल कंपनियों की जांच के निर्देश दे चुके हैं।
US-Iran News: आज कतर में होगी अमेरिका-ईरान की तकनीकी वार्ता
अमेरिका और ईरान के प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को कतर की राजधानी दोहा में तकनीकी स्तर की बातचीत करेंगे। इस बैठक में हाल ही में हुए समझौता ज्ञापन (MoU) को लागू करने के तरीकों पर चर्चा होगी। दोनों देशों के प्रतिनिधि आमने-सामने नहीं बैठेंगे, बल्कि कतर मध्यस्थ की भूमिका निभाएगा। अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व विशेष दूत स्टीव विटकॉफ करेंगे, जबकि ईरान की ओर से उप-विदेश मंत्री काजेम गरीबाबादी वार्ता का नेतृत्व करेंगे।
US-Iran News: इन पांच मुद्दों पर होगी चर्चा
- ईरान पर लगे आर्थिक प्रतिबंधों में राहत।
- होर्मुज स्ट्रेट से जहाजों की सुरक्षित आवाजाही।
- ईरान के परमाणु कार्यक्रम का भविष्य।
- विदेशों में फंसी ईरानी संपत्तियों की रिहाई।
- पश्चिम एशिया की क्षेत्रीय सुरक्षा व्यवस्था।
US-Iran News: ट्रम्प प्रशासन के भीतर मतभेद की चर्चा
ईरान के साथ हुए समझौते के बाद ट्रम्प प्रशासन के दो प्रमुख चेहरों- उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और विदेश मंत्री मार्को रूबियो के अलग-अलग बयान सामने आए हैं।
इजराइल को लेकर अलग रुख
जेडी वेंस ने कहा कि इजराइल हर चुनौती का समाधान सैन्य कार्रवाई से नहीं निकाल सकता। वहीं मार्को रूबियो ने लेबनान में इजराइली कार्रवाई को हिजबुल्लाह के हमलों का उचित जवाब बताया।
ईरान पर भी अलग-अलग संदेश
वेंस ने भविष्य में अमेरिका और ईरान के बीच शांति और सहयोग की संभावना जताई, जबकि रूबियो ने स्पष्ट किया कि अमेरिका ऐसा कोई समझौता स्वीकार नहीं करेगा जिससे उसके या उसके सहयोगियों के हित प्रभावित हों।
खाड़ी देशों को लेकर भी मतभेद
वेंस ने कहा कि भविष्य में खाड़ी के देश ईरान के पुनर्निर्माण में सहयोग कर सकते हैं, जबकि रूबियो ने कहा कि फिलहाल ऐसी कोई योजना नहीं है।
पिछले 24 घंटे के बड़े घटनाक्रम
- होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले मालवाहक जहाजों की संख्या में तेज गिरावट दर्ज की गई।
- ईरान और ओमान ने मस्कट में जॉइंट होर्मुज कमेटी की पहली बैठक की।
- ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार में भारतीय प्रतिनिधिमंडल के शामिल होने की संभावना जताई गई।
- ईरान ने दावा किया कि कतर में फंसी उसकी 12 अरब डॉलर की राशि में से 6 अरब डॉलर जल्द जारी किए जाएंगे।
फ्रांस के बयान पर ईरान की प्रतिक्रिया
ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघई ने कहा कि होर्मुज स्ट्रेट के मामलों में किसी भी विदेशी देश के हस्तक्षेप की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने फ्रांस के उस बयान को खारिज किया, जिसमें इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग की सुरक्षा में अंतरराष्ट्रीय भूमिका की बात कही गई थी।
यह भी पढे़ : Weather Update: जम्मू-कश्मीर समेत 5 राज्यों में पहुंचा मानसून, 6 दिन बाद फिर बढ़ी रफ्तार








