Breaking News
Home » News » Weather Update: जम्मू-कश्मीर समेत 5 राज्यों में पहुंचा मानसून, 6 दिन बाद फिर बढ़ी रफ्तार

Weather Update: जम्मू-कश्मीर समेत 5 राज्यों में पहुंचा मानसून, 6 दिन बाद फिर बढ़ी रफ्तार

Weather Update:

Monsoon Update: दक्षिण-पश्चिम मानसून ने छह दिन की रफ्तार थमने के बाद मंगलवार को फिर तेजी पकड़ी और जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड तथा उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर लिया। इसके साथ ही मानसून अब देश के 26 राज्यों तक पहुंच चुका है। इससे पहले 24 जून को मानसून मध्य प्रदेश और गुजरात में पहुंचा था, जिसके बाद इसकी प्रगति रुक गई थी।

1500 किमी लंबी मानसून ट्रफ सक्रिय

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, उत्तरी बंगाल की खाड़ी से जम्मू-कश्मीर तक करीब 1,500 किलोमीटर लंबी मानसून ट्रफ बन चुकी है। फिलहाल यह हिमालय की तलहटी के पास स्थित है और धीरे-धीरे अपनी सामान्य स्थिति की ओर बढ़ रही है। इसके प्रभाव से 1 से 4 जुलाई के बीच बिहार, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश की संभावना है।

Monsoon Update: क्या होती है मानसून ट्रफ?

मानसून ट्रफ कम दबाव वाले क्षेत्र की एक लंबी पट्टी होती है, जिसे दक्षिण-पश्चिम मानसून की रीढ़ माना जाता है। यह अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से नमी वाली हवाओं को देश के अंदरूनी हिस्सों तक पहुंचाती है, जिससे व्यापक स्तर पर बारिश होती है।

Monsoon Update: असम में बाढ़, 22 हजार से अधिक लोग प्रभावित

लगातार बारिश के कारण अरुणाचल प्रदेश और असम में बाढ़ और भूस्खलन की स्थिति बनी हुई है। अरुणाचल की लेकू नदी के उफान पर आने से असम के जोनाई क्षेत्र में बाढ़ आ गई और नेशनल हाईवे-515 भी जलमग्न हो गया। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (ASDMA) के अनुसार, राज्य के छह जिलों में 22 हजार से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। धेमाजी जिला सबसे अधिक प्रभावित है, जहां करीब 16 हजार लोग बाढ़ की चपेट में हैं। 96 गांव जलमग्न हो चुके हैं, जबकि लगभग 1,690 हेक्टेयर फसल और 48 हजार से अधिक पशु प्रभावित हुए हैं।

6 राज्यों में गर्मी का असर बरकरार

मानसून की धीमी प्रगति के बीच मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और गुजरात के कई शहरों में मंगलवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया।

  • हरियाणा के रोहतक में सबसे अधिक 43.5°C तापमान दर्ज हुआ।
  • दिल्ली में 43.4°C
  • उत्तर प्रदेश के बांदा में 43.2°C
  • मध्य प्रदेश के खजुराहो में 41.2°C
  • पंजाब के आनंदपुर साहिब में 40.6°C
  • गुजरात के सुरेंद्रनगर में 40.5°C तापमान रिकॉर्ड किया गया।

अगले दो दिनों का मौसम

1 जुलाई

  • छत्तीसगढ़, तेलंगाना, ओडिशा, केरल, गोवा, तमिलनाडु, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी बारिश की संभावना।
  • बिहार में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है।
  • मध्य प्रदेश, ओडिशा, पूर्वी राजस्थान और तमिलनाडु में तेज हवाओं का अनुमान।
  • राजस्थान में बारिश के साथ 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
  • पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में हीटवेव जारी रहने की संभावना।

2 जुलाई

  • आंध्र प्रदेश, झारखंड और ओडिशा में भारी बारिश का अलर्ट।
  • असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में तेज बारिश की संभावना।
  • सिक्किम, गोवा, तेलंगाना और कर्नाटक के तटीय इलाकों में ऑरेंज अलर्ट जारी।
  • मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के नागपुर-अमरावती क्षेत्र में लगातार पांचवें दिन हीटवेव की चेतावनी।

यह भी पढे़ : बाबा बागेश्वर पर किसान नेता टिकैत का बड़ा तंज, बोले-पर्चा निकालकर बताएं कि राम मंदिर चढ़ावे के आरोपी कौन हैं?