Home » राजस्थान » झुंझुनूं में ATM कैश घोटाले से हड़कंप, 2 कर्मचारी फरार; 83 लाख रुपये गायब

झुंझुनूं में ATM कैश घोटाले से हड़कंप, 2 कर्मचारी फरार; 83 लाख रुपये गायब

Rajashthan news: राजस्थान के झुंझुनूं जिले में ATM कैश मैनेजमेंट से जुड़े एक बड़े घोटाले ने बैंकिंग सिस्टम और कैश मैनेजमेंट कंपनी CMS की चिंता बढ़ा दी है। ATM में नकदी भरने वाली कंपनी के दो कर्मचारी अचानक लापता हो गए हैं। शुरुआती ऑडिट में 17 एटीएम से 83 लाख रुपये से ज्यादा की नकदी गायब मिली है, जबकि जांच पूरी होने के बाद यह रकम 1 करोड़ रुपये से अधिक होने की आशंका जताई जा रही है।

कैश वैन में चाबियां छोड़कर फरार हुए कर्मचारी

जानकारी के मुताबिक, CMS कंपनी झुंझुनूं, पिलानी और चिड़ावा क्षेत्र के कई बैंकों के ATM में कैश भरने का काम करती है। कंपनी के कर्मचारी सुमेर सिंह और संदीप सिंह पिछले करीब एक साल से इस जिम्मेदारी को संभाल रहे थे। शनिवार को दोनों कर्मचारी अचानक गायब हो गए। हैरानी की बात यह रही कि दोनों कैश वैन में सभी ATM की चाबियां छोड़कर फरार हो गए, जिसके बाद कंपनी को गड़बड़ी का शक हुआ।

Rajashthan news: ऑडिट में सामने आया करोड़ों के गबन का शक

दोनों कर्मचारियों से संपर्क नहीं होने पर कंपनी ने उनके जिम्मे रहे ATM की जांच शुरू कराई। देर रात तक पिलानी और चिड़ावा क्षेत्र के 17 ATM का ऑडिट किया गया, जिसमें 83 लाख रुपये से ज्यादा की नकदी कम पाई गई। शुरुआती जांच में सिर्फ पिलानी की एक ATM साइट पर लगी दो मशीनों से ही करीब 38 लाख रुपये गायब मिले।

Rajashthan news: 28 ATM की जांच जारी

CMS कंपनी के जिम्मे कुल 28 ATM हैं। अभी झुंझुनूं शहर समेत बाकी ATM की जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि अंतिम ऑडिट रिपोर्ट आने के बाद गबन की राशि 1 करोड़ रुपये से भी अधिक हो सकती है।

पुलिस को दी गई शिकायत

मामले की गंभीरता को देखते हुए CMS कंपनी के सीकर शाखा प्रबंधक गौरव सिंह सोलंकी ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेंद्र सिंह राजावत से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी दी। वहीं पिलानी थाने में दोनों कर्मचारियों के खिलाफ लिखित शिकायत भी दी गई है। पुलिस ने कंपनी से अंतिम ऑडिट रिपोर्ट मांगी है। रिपोर्ट मिलने के बाद एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

2016 में भी हुआ था ऐसा मामला

Rajashthan news: झुंझुनूं में यह पहली बार नहीं है। साल 2016 में भी ATM कैश वैन से जुड़े कर्मचारी लाखों रुपये और कैश वैन लेकर फरार हो गए थे। करीब 10 साल बाद सामने आए इस नए मामले ने ATM कैश मैनेजमेंट सिस्टम की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल कंपनी सभी 28 ATM का मिलान कर रही है। अंतिम ऑडिट रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगा कि कुल कितनी राशि का गबन हुआ है। वहीं पुलिस फरार कर्मचारियों की तलाश में जुटने की तैयारी कर रही है।

 

 

ये भी पढ़ें: WhatsApp के नए Username फीचर पर सरकार सख्त, Meta को भेजा नोटिस; कहा- फ्रॉड बढ़ा तो कंपनी होगी जिम्मेदार