Ram Mandir News: अयोध्या के राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी मामले को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भाजपा और जांच प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने दावा किया कि मामले में कई बड़े नाम शामिल हैं और इन्हें बचाने की कोशिश की जा रही है।
बृजभूषण शरण सिंह के बयान का किया जिक्र
प्रेस कॉन्फ्रेंस में अरविंद केजरीवाल ने भाजपा के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने भी संकेत दिया है कि यदि वह मुंह खोलेंगे तो बड़े नाम सामने आएंगे। केजरीवाल ने सवाल किया, “ऐसे कौन से नाम हैं, जिनसे बृजभूषण शरण सिंह को भी खतरा महसूस हो रहा है?” उन्होंने यह भी कहा कि बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री भी बड़े लोगों के शामिल होने की बात कह चुके हैं, जिससे यह मामला और गंभीर हो जाता है।
Ram Mandir News: SIT की जांच पर उठाए सवाल
केजरीवाल ने आरोप लगाया कि राज्यसभा सांसद संजय सिंह जब कथित घोटाले से जुड़े दस्तावेज लेकर एसआईटी के पास पहुंचे तो उन्हें बताया गया कि जमीन से जुड़े मामलों की जांच नहीं की जा रही है। उन्होंने कहा कि “लोगों की आंखों में धूल झोंकने के लिए एसआईटी बनाई गई है। बिना एफआईआर के एसआईटी कैसे गठित की जा सकती है?”
‘सिर्फ छोटे लोगों पर कार्रवाई’ का आरोप
आप प्रमुख ने आरोप लगाया कि अब तक जिन लोगों की गिरफ्तारी हुई है, वे केवल छोटे स्तर के लोग हैं, जबकि असली जिम्मेदारों पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही। उन्होंने कहा कि “चढ़ावा चोरों के घर बुलडोजर क्यों नहीं चला? अभी तो सिर्फ चंपत राय को बचाया जा रहा है, लेकिन मामला उससे कहीं ऊपर तक जाता है।”
2021 की जांच का भी किया जिक्र
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि वर्ष 2021 में राम मंदिर से जुड़ी जमीन खरीद में कथित अनियमितताओं के मामले में भी एसआईटी गठित की गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनके अनुसार, उस समय भी मामला जांच के नाम पर ठंडे बस्ते में डाल दिया गया था।
ये भी पढ़े… 3 राज्यों में उपचुनाव का बजा बिगुल! बिहार, MP और गुजरात की सीटों पर 30 जुलाई को वोटिंग








