Apple Foldable iPhone Ultra: ऐप्पल लंबे समय से अपने पहले फोल्डेबल आईफोन पर काम कर रही है और अब इसे लेकर नई जानकारी सामने आई है। ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक कंपनी ने फोल्डेबल आईफोन के प्रोडक्शन की रफ्तार बढ़ा दी है। माना जा रहा है कि यह डिवाइस iPhone Ultra नाम से बाजार में उतारा जाएगा और लॉन्च के साथ ही यह ऐप्पल का अब तक का सबसे महंगा आईफोन बन सकता है। इसकी संभावित कीमत और फीचर्स को लेकर सामने आई जानकारी ने टेक इंडस्ट्री में हलचल बढ़ा दी है।
सितंबर में हो सकता है बड़ा लॉन्च
रिपोर्ट्स के अनुसार ऐप्पल सितंबर के दूसरे सप्ताह, यानी 8 या 9 सितंबर के आसपास अपने लॉन्च इवेंट में iPhone Ultra से पर्दा उठा सकती है। इसी इवेंट में iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max को भी पेश किए जाने की उम्मीद है। बताया जा रहा है कि शुरुआती प्रोडक्शन में आने वाली दिक्कतों को कंपनी दूर कर चुकी है और अब बड़े स्तर पर निर्माण शुरू हो गया है। पहले जहां 70 से 80 लाख यूनिट तैयार करने की योजना थी, वहीं अब सप्लायर्स को करीब एक करोड़ यूनिट बनाने का लक्ष्य दिया गया है।
Apple Foldable iPhone Ultra: बड़ी स्क्रीन और दमदार हार्डवेयर मिलने की उम्मीद
लीक रिपोर्ट्स के मुताबिक iPhone Ultra में 7.8 इंच का मेन OLED फोल्डेबल डिस्प्ले और 5.5 इंच की कवर स्क्रीन मिल सकती है। फोन में ऐप्पल का नया A20 Pro चिपसेट दिया जा सकता है, जो बेहतर परफॉर्मेंस और पावर एफिशिएंसी का दावा करेगा। सुरक्षा के लिए इस बार फेस आईडी की जगह पावर बटन में इंटीग्रेटेड Touch ID मिलने की संभावना जताई जा रही है।
Apple Foldable iPhone Ultra: कैमरा और बैटरी पर भी रहेगा खास फोकस
कैमरा सेटअप की बात करें तो फोन के अंदर और बाहर दोनों स्क्रीन पर एक-एक फ्रंट कैमरा दिया जा सकता है। वहीं पीछे की तरफ 48 मेगापिक्सल के डुअल कैमरा सेटअप की उम्मीद है। बैटरी को लेकर भी दावा किया जा रहा है कि ऐप्पल इसमें अब तक की सबसे बड़ी क्षमता वाली बैटरी दे सकती है, जिससे फोल्डेबल फोन की लंबी बैटरी लाइफ सुनिश्चित हो सके।
कीमत बना सकती है सबसे बड़ी चर्चा
इस फोल्डेबल आईफोन की सबसे ज्यादा चर्चा इसकी संभावित कीमत को लेकर हो रही है। रिपोर्ट्स के अनुसार इसकी शुरुआती कीमत 2,500 डॉलर यानी करीब 2.40 लाख रुपये हो सकती है। वहीं टॉप वेरिएंट की कीमत 3,000 डॉलर यानी लगभग 2.86 लाख रुपये तक पहुंच सकती है। भारत में आयात शुल्क और टैक्स के कारण इसकी कीमत और अधिक रहने की संभावना है। ऐसे में भारतीय ग्राहकों को इसके टॉप मॉडल के लिए 3 लाख रुपये से ज्यादा खर्च करने पड़ सकते हैं।
महंगी कीमत के बावजूद फीचर्स पर उठ सकते हैं सवाल
इतनी प्रीमियम कीमत होने के बावजूद रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि iPhone Ultra में फेस आईडी और टेलीफोटो कैमरा जैसे कुछ फीचर्स नहीं मिलेंगे। ऐसे में कई यूजर्स के लिए इतनी बड़ी कीमत को सही ठहराना आसान नहीं होगा। प्रीमियम सेगमेंट के ग्राहक आमतौर पर हर लेटेस्ट फीचर की उम्मीद करते हैं और यदि कुछ अहम फीचर्स नहीं मिलते हैं तो ऐप्पल को आलोचनाओं का सामना करना पड़ सकता है।हालांकि ऐप्पल ने अभी तक फोल्डेबल iPhone Ultra को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है। लॉन्च डेट, कीमत और फीचर्स से जुड़ी सभी जानकारियां फिलहाल लीक और रिपोर्ट्स पर आधारित हैं। ऐसे में कंपनी के आधिकारिक लॉन्च इवेंट के बाद ही इसकी पूरी तस्वीर साफ हो पाएगी।








