Home » जॉब - एजुकेशन » गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय में पहले ही राउंड में फुल हुईं सीटें, 8 से 11 गुना आए आवेदन

गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय में पहले ही राउंड में फुल हुईं सीटें, 8 से 11 गुना आए आवेदन

Greater Noida GBU Admission:

Greater Noida GBU Admission: ग्रेटर नोएडा स्थित गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय (GBU) में नए शैक्षणिक सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया के पहले ही राउंड में कई प्रमुख कोर्स की सीटें भर गई हैं। बीए एलएलबी, बीटेक (सीएसई), सीएसई-एआई, बीएससी-बीएड और एमबीए जैसे कोर्स में घोषित सीटों के मुकाबले 8 से 11 गुना तक आवेदन प्राप्त हुए हैं। इससे विश्वविद्यालय में छात्रों की बढ़ती रुचि और भरोसा साफ नजर आ रहा है।

Greater Noida GBU Admission: पहले राउंड में ही सीटें हुईं फुल-

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, पहले राउंड की काउंसलिंग में ही कई लोकप्रिय कोर्स की सभी सीटें भर गईं। चयन प्रक्रिया के तहत बड़ी संख्या में आवेदनों की छंटनी कर योग्य छात्रों को प्रवेश दिया गया।

Greater Noida GBU Admission: इन कोर्स में सबसे ज्यादा आवेदन आए-

गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय में इस बार कई लोकप्रिय कोर्स में सीटों के मुकाबले कई गुना अधिक आवेदन प्राप्त हुए। बीएससी-बीएड की 50 सीटों पर 562 आवेदन आए, जबकि सीएसई की 60 सीटों के लिए 563 छात्रों ने आवेदन किया। वहीं, सीएसई-एआई की 120 सीटों पर 509 आवेदन और बीए एलएलबी की 120 सीटों के लिए 421 आवेदन प्राप्त हुए। इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि इन कोर्स में प्रवेश के लिए छात्रों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा रही।

विदेशी छात्रों की संख्या में भी बढ़ोतरी-

विश्वविद्यालय अधिकारियों के मुताबिक, इस बार अमेरिका, सिंगापुर, दुबई, स्विट्जरलैंड, यमन, जिम्बाब्वे और अन्य देशों सहित करीब 30 देशों के छात्रों ने आवेदन किया है। पहली बार अमेरिका के छात्रों ने भी विश्वविद्यालय में प्रवेश लिया है। विदेशी छात्रों की सबसे अधिक रुचि बौद्ध अध्ययन एवं सभ्यता, प्रबंधन, अभियांत्रिकी, सूचना प्रौद्योगिकी, जैव प्रौद्योगिकी, सामाजिक विज्ञान एवं मानविकी तथा व्यावसायिक अध्ययन एवं अनुप्रयुक्त विज्ञान जैसे पाठ्यक्रमों में देखने को मिली है।

कुलपति ने जताई खुशी-

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह ने कहा कि यह गर्व की बात है कि गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय उच्च शिक्षा के लिए छात्रों की पहली पसंद बनता जा रहा है। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुभवी संकाय और आधुनिक शैक्षणिक माहौल के कारण कई कोर्स की सीटें पहले या दूसरे राउंड की काउंसलिंग में ही भर जाती हैं।

यह भी पढ़े- अब बदलेगी दिल्ली की हवा! विश्व बैंक के सहयोग से शुरू होगी ‘स्वच्छ हवा, स्वस्थ दिल्ली’ परियोजना, CM रेखा ने की घोषणा