Ram Mandir Chadhava Chori: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले द्वारा दोषियों पर कार्रवाई की मांग के बाद यह मुद्दा और गरमा गया है। मामले को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के नेताओं के बीच तीखी बयानबाजी देखने को मिल रही है। विभिन्न राजनीतिक दलों और संगठनों ने जांच, दोषियों पर कार्रवाई और मामले के राजनीतिक पहलुओं पर अपनी-अपनी प्रतिक्रिया दी है।
RJD ने कहा- पहले सच सामने आए
राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के उपाध्यक्ष तनवीर हसन ने कहा कि सबसे पहले यह स्पष्ट होना चाहिए कि राम मंदिर में वास्तव में चोरी हुई है या नहीं। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को कोई मुस्लिम नहीं उठा रहा, बल्कि हिंदुत्व का समर्थन करने वाले लोग ही सवाल पूछ रहे हैं। उनके मुताबिक मंदिर के प्रबंधन में किसी मुस्लिम की भूमिका नहीं है और पूरा मामला केवल दिखावे तक सीमित है।
Ram Mandir Chadhava Chori: भाजपा ने कहा- सरकार पूरी तरह सक्रिय
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गुरु प्रकाश ने इसे अत्यंत गंभीर मामला बताते हुए कहा कि जैसे ही घटना सामने आई, सरकार ने तत्काल एसआईटी का गठन किया, एफआईआर दर्ज कराई और आरोपियों की गिरफ्तारी भी की। उन्होंने कहा कि सरकार निष्पक्ष जांच के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
RSS नेता ने राजनीति से बचने की अपील की
RSS नेता इंद्रेश कुमार ने कहा कि पूरा हिंदू समाज सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले के साथ खड़ा है और करोड़ों श्रद्धालु जल्द न्याय की उम्मीद कर रहे हैं। उन्होंने राजनीतिक दलों से इस मामले पर राजनीति न करने और एसआईटी को निष्पक्ष तरीके से अपना काम करने देने की अपील की।
Ram Mandir Chadhava Chori: वाम दल ने बड़े लोगों की जांच की मांग की
सीपीआई (एम) के पूर्व सांसद हन्नान मोल्लाह ने आरोप लगाया कि एक सप्ताह तक किसी बड़े नेता ने इस मामले पर प्रतिक्रिया नहीं दी। उन्होंने कहा कि भगवान राम के नाम पर चढ़ाए गए दान में यदि गड़बड़ी हुई है तो केवल छोटे कर्मचारियों पर कार्रवाई नहीं, बल्कि बड़े लोगों की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए।
जेडीयू ने बताया दुखद घटना
जनता दल (यूनाइटेड) के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि भगवान श्रीराम के प्रति देशवासियों की गहरी आस्था है और चढ़ावे में कथित वित्तीय अनियमितताओं की खबर बेहद दुखद है। उन्होंने कहा कि धैर्य और संयम के साथ निष्पक्ष जांच पूरी होने का इंतजार किया जाना चाहिए।
Ram Mandir Chadhava Chori: VHP ने कहा- चोरी का कोई बचाव नहीं
विश्व हिंदू परिषद के अध्यक्ष आलोक कुमार ने कहा कि करोड़ों श्रद्धालुओं द्वारा भगवान राम को अर्पित चढ़ावे में चोरी की घटना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की घटना का कोई बचाव नहीं किया जा सकता और दोषियों पर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।
प्रियंका चतुर्वेदी का सरकार पर हमला
शिवसेना (यूबीटी) की नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि आरएसएस का बयान इस बात का संकेत है कि मामले में गंभीर गड़बड़ी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि फिलहाल केवल छोटे आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मुख्य आरोपियों को बचाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने राम मंदिर के नाम पर राजनीति की, उन्हीं के कार्यकाल में यह विवाद सामने आया है।
ये भी पढ़े… अमित शाह का बड़ा बयान! बोले- स्वामी विवेकानंद के मार्ग पर चलकर PM मोदी दे रहे देश को नई दिशा








