Home » उत्तर प्रदेश » बरेली में नर्सिंग असिस्टेंट ने खाया जहर, मौत से पहले वीडियो में पत्नी पर लगाए गंभीर आरोप

बरेली में नर्सिंग असिस्टेंट ने खाया जहर, मौत से पहले वीडियो में पत्नी पर लगाए गंभीर आरोप

Up news: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से एक दर्दनाक मामला सामने आया है। थाना सुभाषनगर क्षेत्र में एक निजी अस्पताल में नर्सिंग असिस्टेंट के तौर पर काम करने वाले कुलदीप गोस्वामी की जहर खाने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत से पहले उन्होंने एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में कुलदीप ने अपनी पत्नी और ससुराल पक्ष पर मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। फिलहाल पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर पत्नी समेत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शादी के कुछ ही समय बाद बढ़ने लगा विवाद

परिजनों के अनुसार कुलदीप की यह दूसरी शादी थी। पहली पत्नी से कानूनी तलाक होने के बाद करीब दो महीने पहले उन्होंने गुंजा कुमारी से विवाह किया था। पहली शादी से उनका एक 13 वर्षीय बेटा भी है। परिवार का आरोप है कि दूसरी शादी के कुछ समय बाद ही पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया। इसके बाद पत्नी मायके पक्ष के लोगों के साथ रहने लगी। वहीं, 30 जून को पत्नी ने महिला थाने में कुलदीप के खिलाफ शिकायत भी दर्ज कराई थी।

Up news: समझौते की कोशिश के दौरान मारपीट का आरोप

मृतक के पिता सतपाल गोस्वामी और भाई हर्ष गोस्वामी का आरोप है कि कुलदीप रिश्ते को बचाने और विवाद खत्म करने के लिए ससुराल पक्ष से बात करने गए थे। लेकिन वहां उनके साथ मारपीट की गई और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। परिवार का कहना है कि इसी तनाव में आकर कुलदीप ने जहर खा लिया।

Up news: अस्पताल पहुंचाने के बाद हुई मौत

पुलिस के मुताबिक जहर खाने के बाद कुलदीप को ससुराल पक्ष के लोग बरेली के बड़े डाकखाने के पास छोड़कर चले गए। सूचना मिलने पर उनके पिता उन्हें निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

पुलिस ने शुरू की जांच

Up news: क्षेत्राधिकारी आशुतोष शिवम ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर पर पत्नी समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मौके से साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला है, जबकि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

ये भी पढ़े: लद्दाख में पर्यावरण बचाने के लिए बड़ी पहल, 100 पूर्व सैनिक संभालेंगे मोर्चा, मौके पर ही काट सकेंगे चालान