Home » पंजाब » Canada Study Visa Scam: फेसबुक विज्ञापन पर भरोसा पड़ा भारी, छात्रा से ठगे गए लाखों रुपये

Canada Study Visa Scam: फेसबुक विज्ञापन पर भरोसा पड़ा भारी, छात्रा से ठगे गए लाखों रुपये

Canada Study Visa Scam : विदेश में पढ़कर नाम रोशन करने का सपना किसका नहीं होता। चंडीगढ़ की 21 साल की आस्था सैनी ने भी यही सोचा था लेकिन कनाडा के “एडमिशन” के नाम पर उसे ऐसा झटका लगा कि सालों की मेहनत एक झटके में खत्म हो गई। 2022 में आस्था को फेसबुक पर एक स्टडी वीजा कंसल्टेंसी का ऐड दिखा। बड़े-बड़े दावे थे। “कनाडा में पक्का एडमिशन, वीजा की गारंटी”। बातचीत के बाद कंसल्टेंसी ने कहा, “आपका सिलेक्शन लगभग हो चुका है, बस फीस जमा कर दीजिए।”

भरोसा करके आस्था ने अप्रैल से अगस्त 2022 तक 12.35 लाख रुपये दे दिए। कुछ ऑनलाइन ट्रांसफर, कुछ कैश। बदले में उसे ऑफर लेटर और एडमिशन कन्फर्मेशन की कॉपी भी पकड़ा दी गई। कागज देखकर लगा अब सब सेट है।

Canada Study Visa Scam

जब एडमिशन में टाल-मटोल होने लगी तो आस्था ने खुद हिम्मत की और सीधे उस कनाडाई कॉलेज को मेल किया। जवाब आया और होश उड़ गए। कॉलेज ने लिखा, “हमारे रिकॉर्ड में इस नाम का कोई स्टूडेंट नहीं है। आपके पास जो लेटर हैं वो हमने जारी नहीं किए हैं।” मतलब ऑफर लेटर नकली था। एडमिशन था ही नहीं।

पैसे मांगे तो मिले बहाने

धोखा पता चलने के बाद आस्था ने कंसल्टेंसी से रिफंड मांगा। जवाब में सिर्फ टालना। फिर कानूनी नोटिस भेजा, उसका भी कोई असर नहीं। आखिर में आस्था चंडीगढ़ जिला उपभोक्ता आयोग पहुंची। सुनवाई में न कंसल्टेंट आया न उसका स्टाफ। कॉलेज के ईमेल और सबूत देखकर आयोग ने मान लिया कि ये साफ-साफ धोखाधड़ी है।

कोर्ट ने क्या सुनाया फैसला

आयोग ने दोनों आरोपियों को 45 दिन के अंदर 12.35 लाख रुपये, हर भुगतान की तारीख से 9% ब्याज के साथ लौटाने का आदेश दिया। साथ में मानसिक तनाव और वकील के खर्च के लिए 20 हजार रुपये मुआवजा भी। आस्था का केस हमें यही सिखाता है। सपना बड़ा देखना ठीक है, लेकिन उस सपने के लिए कदम उठाने से पहले जमीनी हकीकत जांच लेना और भी जरूरी है।

मत करें 5 गलतियां

  • ऑफर लेटर मिले तो सबसे पहले कॉलेज की ऑफिशियल वेबसाइट या मेल से खुद वेरिफाई करो।
  • पैसा कभी एजेंट के पर्सनल अकाउंट या कैश में मत दो। हमेशा कॉलेज के ऑफिशियल बैंक खाते में जमा करो।
  • आज ही सीट बुक करो वरना निकल जाएगी” कहने वाले से सावधान रहो। असली कॉलेज कभी दबाव नहीं डालते।
  • कंसल्टेंसी का रजिस्ट्रेशन, लाइसेंस और पुराने छात्रों के रिव्यू जरूर चेक करो।
  • पेमेंट की रसीद, चैट, ईमेल सब सेव रखो। जरूरत पड़ने पर यही आपके काम आएंगे।

Read More : Parenting Tips: सब्जियों को देखकर मुंह बनाते हैं बच्चे, अपनाएं ये 3 ट्रिक; फिर मांगकर खाएंगे खुद

Written By : Mansi Sharma