BIHAR NEWS: बिहार की बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियों के बीच तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सांसद और अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर के समर्थन में खुलकर बयान दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर प्रशांत किशोर को बिहार की राजनीति का बड़ा चेहरा बताते हुए उनके चुनावी मैदान में उतरने को “बड़ा धमाका” करार दिया।
प्रशांत किशोर की जमकर की तारीफ
शत्रुघ्न सिन्हा ने अपने पोस्ट में प्रशांत किशोर को दूरदर्शी, विलक्षण बुद्धिजीवी, जन-जन का नेता और लोकप्रिय व्यक्तित्व बताया। उन्होंने कहा कि चुनावी राजनीति में उनकी सक्रिय एंट्री से केवल बिहार ही नहीं, बल्कि पूरे देश की राजनीति में नई हलचल पैदा हुई है।
BIHAR NEWS: युवाओं से समर्थन की अपील
उन्होंने कहा कि एक “बिहारी बाबू” होने के नाते यह राजनीतिक घटनाक्रम उनके लिए बेहद रोचक है। उन्होंने युवाओं और आम जनता से जाति, धर्म और दलगत सीमाओं से ऊपर उठकर प्रशांत किशोर का समर्थन करने की अपील की। अपने संदेश का समापन उन्होंने “जय बिहार, जय हिंद” के साथ किया।
बांकीपुर में दिलचस्प हुआ मुकाबला
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जन सुराज ने प्रशांत किशोर को उम्मीदवार बनाया है, जबकि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने रेखा गुप्ता को मैदान में उतारा है। भाजपा की ओर से उम्मीदवार की घोषणा का इंतजार है। इस सीट के रिक्त होने का कारण भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का राज्यसभा सदस्य निर्वाचित होना है।
BIHAR NEWS: बयानों से गरमाई चुनावी राजनीति
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि शत्रुघ्न सिन्हा का यह समर्थन चुनावी माहौल को और गर्म कर सकता है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि प्रचार अभियान के दौरान ऐसे राजनीतिक समर्थन का मतदाताओं पर कितना प्रभाव पड़ता है।
ये भी पढ़े… कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह को वकील का नोटिस, बोले-राम मंदिर के लिए दान दिए गए रुपये मुझसे वापस ले जाएं








